- पहले दिन दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, रोमांचक मुकाबलों से लीग की हुई शानदार शुरुआत
- अनिकेत कुमार के अर्धशतक और अथर्व राघव की घातक गेंदबाजी से पंजाब स्पोर्ट्स जीता
- शुभम और कार्तिक निषाद की बदौलत रमेश वर्मा एकादश ने दर्ज की जीत
कानपुर, 19 जून।
एच.एस. क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में आयोजित चैंपियन प्रीमियर लीग सीजन-5 का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए दोनों मुकाबलों में पंजाब स्पोर्ट्स और रमेश वर्मा एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
पहले मुकाबले में पंजाब स्पोर्ट्स ने सीएसके वॉरियर्स को 29 रन से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब स्पोर्ट्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 169 रन बनाए। टीम की ओर से अनिकेत कुमार ने शानदार 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। सीएसके वॉरियर्स के लिए ऋषभ और गोपी कृष्ण ने 2-2 विकेट प्राप्त किए।
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके वॉरियर्स की टीम 20 ओवरों में 140 रन ही बना सकी। दिव्यांश गर्ग ने 26 रन तथा गोपी कृष्ण ने 25 रन बनाए। पंजाब स्पोर्ट्स के अथर्व राघव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
दूसरे मुकाबले में रमेश वर्मा एकादश ने आरएस वॉरियर्स को 39 रन से हराकर विजयी शुरुआत की। पहले बल्लेबाजी करते हुए रमेश वर्मा एकादश ने 20 ओवरों में 115 रन बनाए, जिसमें शुभम ने सर्वाधिक 40 रन का योगदान दिया। आरएस वॉरियर्स के आशु राजपूत ने 2 विकेट हासिल किए।
116 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरएस वॉरियर्स की पूरी टीम मात्र 76 रन पर सिमट गई। सुमित ने सर्वाधिक 49 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। रमेश वर्मा एकादश की ओर से कार्तिक निषाद ने 3 विकेट और शुभम ने 2 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। आयोजकों को उम्मीद है कि आगामी मुकाबलों में भी दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिलेगा।