निशा और सौम्या के दम पर डैम स्ट्राइकर्स बनी राजरतन महिला लीग चैंपियन

 

 

 

  • अवी फाउंडेशन को 16 रन से हराकर जीता खिताब, सौम्या पाल बनीं वुमन ऑफ द मैच

 

कानपुर, 19 जून।

कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) द्वारा आयोजित छठवीं राजरतन महिला लीग के फाइनल मुकाबले में डैम स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अवी फाउंडेशन को 16 रन से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। बीसीए मैदान, गंगा बैराज में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में निशा वर्मा की अर्धशतकीय पारी और सौम्या पाल की घातक गेंदबाजी जीत की आधारशिला साबित हुई।

निशा-नेहा ने संभाली पारी

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए डैम स्ट्राइकर्स ने निर्धारित 35 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए। टीम की ओर से निशा वर्मा ने 57 और नेहा वर्मा ने 47 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं, जबकि अर्चना देवी ने 12 रन का योगदान दिया। अवी फाउंडेशन की ओर से सिद्धि मिश्रा ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि पूजा यादव और तनविका गुप्ता को एक-एक सफलता मिली।

सौम्या पाल की घातक गेंदबाजी

166 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अवी फाउंडेशन की टीम 35 ओवर में 9 विकेट पर 149 रन ही बना सकी। रिशु शर्मा ने 45 रन, एंजेलिना वर्मा ने नाबाद 21 रन और तृप्ति सिंह ने 15 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। डैम स्ट्राइकर्स की ओर से सौम्या पाल ने मात्र 9 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि सौम्या कटियार ने 34 रन देकर 3 विकेट लिए।

पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित हुईं खिलाड़ी

फाइनल मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) अंजलि विश्वकर्मा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए। मुख्य अतिथि का स्वागत केसीए अध्यक्ष एस.एन. सिंह और उपाध्यक्ष संजय तिवारी ने किया।

सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार तृप्ति सिंह, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा चतुर्मुखी खिलाड़ी का पुरस्कार सौम्या पाल को प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कटियार ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन केसीए सचिव कौशल कुमार सिंह ने दिया।

इस अवसर पर रीता डे, पी.एस. नेगी, डॉ. अंकित मल्होत्रा, डॉ. रेनू गहलोत, कनिष्का त्रिवेदी, रजत सिंह, राहुल पाल, ऋषभ डोनवाल एवं राघव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment