जेएनटी अंडर-12 के श्रेष्ठ खिलाड़ियों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 30 से

 

 

  • कानपुर साउथ मैदान पर 4 दिसंबर तक चलेगा शिविर, प्रदेश के विभिन्न जिलों के 25 प्रतिभाशाली खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

 

कानपुर, 29 नवंबर।

युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से जेएनटी अंडर-12 के श्रेष्ठ खिलाड़ियों का प्रथम प्रशिक्षण शिविर 30 नवंबर से शुरू हो रहा है। पांच दिवसीय यह शिविर 4 दिसंबर तक कानपुर साउथ मैदान पर आयोजित किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शुरू होने वाले शिविर में खिलाड़ियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में क्रिकेट की बारीकियां सिखाई जाएंगी।

### छह जिलों सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ी होंगे शामिल

शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 25 प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें कानपुर के 15, लखनऊ के पांच, गोरखपुर और अलीगढ़ के दो-दो तथा वाराणसी, देवरिया, उन्नाव, झांसी, बस्ती और सुल्तानपुर के एक-एक खिलाड़ी शामिल हैं। इस शिविर का उद्देश्य कम उम्र में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की क्षमताओं को पहचानकर उन्हें बेहतर क्रिकेट प्रशिक्षण प्रदान करना है।

### पहले दिन 25 ओवर का मैच, खिलाड़ियों की दक्षता का होगा मूल्यांकन

आयोजन सचिव अमित मिश्रा के अनुसार, शिविर के पहले दिन खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक खिलाड़ी से व्यक्तिगत संवाद कर उन्हें प्रशिक्षण की रूपरेखा और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। पहले दिन 25 ओवर का अभ्यास मैच भी आयोजित होगा, जिसके माध्यम से खिलाड़ियों की खेल दक्षता, तकनीकी क्षमता और कमजोरियों को समझा जाएगा। इसके आधार पर आगामी दिनों के प्रशिक्षण की रणनीति तैयार की जाएगी।

### विशेषज्ञ कोच देंगे प्रशिक्षण

पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर मुख्य कोच डॉ. विकास यादव तथा सहायक कोच दिनेश कुमार और शिव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न होगा। प्रशिक्षकों का प्रयास रहेगा कि खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता, शारीरिक क्षमता और खेल के प्रति समझ को बेहतर बनाया जाए।

Leave a Comment