बच्चों को मोबाइल से निकालिए, मैदान तक लाइए!

 

 

  • मोबाइल और स्क्रीन के बढ़ते इस्तेमाल के बीच बच्चों को खेल के मैदान से जोड़ने की जरूरत, शारीरिक गतिविधियों से होगा स्वस्थ शरीर और मजबूत व्यक्तित्व का निर्माण
  • खेलता हुआ बचपन ही स्वस्थ और सशक्त भारत की पहचान बनेगा

 

अजीत गुप्ता।

कानपुर। आज के दौर में बच्चों का बचपन तेजी से बदल रहा है। कुछ साल पहले तक गलियों, पार्कों और मैदानों में बच्चों की खेल-कूद की आवाजें सुनाई देती थीं। घरों के बाहर बच्चों की चहल-पहल और मैदानों में उनकी मौजूदगी आम बात थी, लेकिन अब यह दृश्य धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। मोबाइल फोन, टीवी और घरों के भीतर बिताया जाने वाला समय बच्चों की दिनचर्या का बड़ा हिस्सा बनता जा रहा है। ऐसे में बच्चों को खेल और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी जरूरत बन गया है।

पिछले दो महीनों से मैने कानपुर के अलग-अलग इलाकों, मोहल्लों और कस्बों में बच्चों की खेल गतिविधियों और उनकी दिनचर्या का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने महसूस किया कि बच्चों का मैदानों और आउटडोर गेम्स से जुड़ाव पहले की तुलना में कम हो रहा है। इसी स्थिति ने मुझे च्चों और उनके माता-पिता के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश देने के लिए प्रेरित किया।

बच्चों के बचपन से दूर हो रहा खेल

बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए केवल अच्छी शिक्षा और अच्छे अंक ही पर्याप्त नहीं हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेल और शारीरिक गतिविधियां भी उतनी ही जरूरी हैं। बच्चों का अधिक समय मोबाइल फोन और स्क्रीन के सामने बीतने से उनकी दिनचर्या में सक्रिय खेलों के लिए पर्याप्त जगह नहीं रह पा रही है।

यह चिंता केवल किसी एक शहर या मोहल्ले तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर में बच्चों के जीवन में खेलों की भूमिका को लेकर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। माता-पिता को यह समझना होगा कि खेल बच्चों के लिए केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि उनके विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

खेल से मजबूत होता है व्यक्तित्व

खेल बच्चों को शारीरिक रूप से सक्रिय और फिट रखने के साथ उनके मानसिक एवं सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नियमित खेल गतिविधियों से बच्चों में एकाग्रता, आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। साथ ही वे दूसरों के साथ मिलकर काम करना और सामाजिक व्यवहार सीखते हैं।

मैदान में खेलते समय बच्चा केवल खेल के नियम नहीं सीखता, बल्कि जीवन के महत्वपूर्ण सबक भी हासिल करता है। वह जीत और हार को स्वीकार करना, दूसरों का सम्मान करना तथा कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखना सीखता है। खेल बच्चों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और चुनौतियों का सामना करने का अवसर देते हैं।

हर बच्चे को खेल से जोड़ना जरूरी

सभी माता-पिता से अपील है कि वे अपने बच्चों को किसी न किसी आउटडोर गेम या फिजिकल एक्टिविटी से जरूर जोड़ें। इसके लिए क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, बैडमिंटन और योग जैसे अनेक विकल्प मौजूद हैं।

यह जरूरी नहीं है कि हर बच्चा बड़ा खिलाड़ी बने या खेलों में करियर बनाए। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि बच्चा स्वस्थ, आत्मविश्वासी और सक्रिय इंसान बने। खेलों में नियमित भागीदारी बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती है।

माता-पिता निकालें बच्चों के लिए खेलने का समय

देशभर के माता-पिता से आग्रह है कि वे बच्चों की दिनचर्या में प्रतिदिन खेलने का समय निर्धारित करें। बच्चों को केवल मोबाइल और टीवी से दूर रहने की सलाह देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें मैदान, पार्क और प्रकृति से जुड़ने के अवसर भी देने होंगे।

माता-पिता बच्चों के साथ मैदान तक जाएं और उन्हें खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। यदि परिवार और स्कूल मिलकर बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित करें, तो उनकी दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी

शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। शिक्षा बच्चों को भविष्य की दिशा देती है, जबकि खेल उनके व्यक्तित्व को मजबूत बनाते हैं। बचपन जीवन का ऐसा समय है, जिसे दोबारा नहीं पाया जा सकता। इसलिए बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित रखने के बजाय उन्हें खेलने, दौड़ने, सीखने और अपनी प्रतिभा विकसित करने का अवसर देना चाहिए।

बच्चों को केवल पढ़ने के लिए प्रेरित न करें, बल्कि खेलने के लिए भी प्रोत्साहित करें। जब बच्चे खेलेंगे, तो वे स्वस्थ रहेंगे और उनका शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास बेहतर होगा। यही एक स्वस्थ और मजबूत भविष्य की नींव है।

लेखक फिजिकल एजुकेशन टीचर एवं फिजिकल ट्रेनर हैं। वर्तमान में वह एनएलके विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, कानपुर में शारीरिक शिक्षा शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने मास्टर ऑफ फिजिकल एजुकेशन (M.P.Ed) की शिक्षा प्राप्त की है तथा बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के विद्यार्थी रहे हैं।

Leave a Comment