- पहले मुकाबले में कैंट बोर्ड कानपुर को 5-3 से हराया, दूसरे मैच में ग्रीन पार्क ने कैंट बोर्ड बी टीम को 3-2 से दी शिकस्त
कानपुर, 28 नवंबर।
ग्रीन पार्क एस्ट्रो स्टेडियम में शनिवार को स्व. दिलीप घोष 7-ए-साइड अंडर-16 बालक हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के पहले दिन दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में हॉकी एसोसिएशन कानपुर देहात की टीम ने कैंट बोर्ड कानपुर को 5-3 से पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में ग्रीन पार्क की टीम ने कैंट बोर्ड बी टीम को 3-2 से हराकर जीत हासिल की।
पहले मुकाबले में कानपुर देहात ने 5-3 से दर्ज की जीत
दिन के पहले मुकाबले में कैंट बोर्ड कानपुर और हॉकी एसोसिएशन कानपुर देहात की टीमें आमने-सामने रहीं। मैच से पहले खिलाड़ियों का परिचय कर्नल आरके दीक्षित से कराया गया। इस दौरान हॉकी एसोसिएशन कानपुर देहात के अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह तोमर, सचिव पॉल देवेंद्र सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुकाबले में हॉकी एसोसिएशन कानपुर देहात की ओर से पांचवें मिनट में अभिनव कुशवाहा ने मैदानी गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद आदित्य कुशवाहा ने दूसरा गोल दागा। वहीं, कैंट बोर्ड कानपुर की टीम ने भी शानदार वापसी करते हुए कड़ा संघर्ष किया। उसकी ओर से हर्ष, अवधेश और करण ने गोल किए। हालांकि, कानपुर देहात की टीम ने अपनी बढ़त बनाए रखी और मुकाबला 5-3 से जीत लिया।
दूसरे मैच में ग्रीन पार्क ने कैंट बोर्ड बी को हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में ग्रीन पार्क और कैंट बोर्ड कानपुर की बी टीम के बीच मुकाबला हुआ। ग्रीन पार्क की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए 2-0 की बढ़त बना ली। टीम की ओर से आदित्य प्रजापति ने गोल कर महत्वपूर्ण योगदान दिया। कैंट बोर्ड के गोलकीपर ने कई शानदार बचाव करते हुए विपक्षी टीम के हमलों को नाकाम किया। कड़े संघर्ष के बाद ग्रीन पार्क ने 3-2 से मुकाबला अपने नाम किया।
पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का परिचय हॉकी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रदीप दत्त भार्गव से कराया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह तोमर, डॉ. संजय भारती, अशोक सिंह, अब्बास और सचिव पॉल देवेंद्र उपस्थित रहे। सचिव पॉल देवेंद्र ने कर्नल आरके दीक्षित को पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया।
Tomorrow matches
- Green park Vs HAL
- ETAWAH vs FARRUKHABAD