- खिलाड़ी संवाद एवं प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में 25 से अधिक खिलाड़ियों ने की सहभागिता, भारतीय संस्कृति, संस्कार और सेवा भाव से हुए रूबरू
कानपुर, 27 नवंबर।
बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित पंचदिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने सहभागिता कर भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह श्री कृष्ण गोपाल जी एवं मेले के अखिल भारतीय संयोजक श्री स्वामीनाथन गुरुमूर्ति जी के सान्निध्य में आयोजित खिलाड़ी संवाद एवं प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में 25 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का दल शामिल हुआ।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी एवं क्रीड़ा भारती के नियामक मंडल के सदस्य श्री संजीव पाठक के नेतृत्व में पहुंचे इस दल में अंतरराष्ट्रीय पैरा क्रिकेट खिलाड़ी राहुल गुप्ता, रोहित गुप्ता, सुनील सिंह, आशुतोष सत्यम झा, सत्येंद्र यादव, संजय टंडन, सत्यम मिश्रा, आयुष कुमार, सिद्धि झा, ऐशानी ध्रुव एवं गणेश सहित अनेक खिलाड़ी शामिल रहे।
खिलाड़ियों ने मेले का भ्रमण कर भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और सेवा परंपरा के विविध आयामों को करीब से जाना। इस दौरान उन्होंने युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और अपनी जड़ों से जोड़ने के उद्देश्य से किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की।
खिलाड़ियों ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता और प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, समर्पण, संस्कार और राष्ट्रभावना विकसित करने का भी सशक्त माध्यम है। समाज एवं राष्ट्र निर्माण में खेल, संस्कृति और संस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के साथ ही सांस्कृतिक चेतना के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
इस सहभागिता ने हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले को खेल जगत से जोड़ते हुए भारतीय संस्कृति, युवा सशक्तीकरण और राष्ट्र निर्माण के साझा संकल्प को भी मजबूती प्रदान की।