- सर्दी को देखते हुए चाय का भी किया वितरण, प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए बर्तन बैंक संचालित करेगी संस्था
कानपुर, 29 नवंबर।
जरूरतमंदों की मदद और समाज के वंचित वर्गों के चेहरों पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था आरंभ सेवा समिति की ओर से निःशुल्क कपड़ा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नहरिया स्थित हनुमान मंदिर, सचान चौराहा के पास आयोजित इस कार्यक्रम में मुन्नी, रेशमा, तनु, कीर्ति, शिवा, अमित सहित अनेक बच्चों और आम लोगों ने अपनी पसंद के कपड़े प्राप्त किए। मनपसंद कपड़े पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनके साथ आए लोगों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना की। सर्दी के मौसम को देखते हुए जरूरतमंदों को चाय का वितरण भी किया गया।

### संस्था के सदस्यों ने दान किए कपड़े
आरंभ सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैलेश तिवारी और राष्ट्रीय महामंत्री एवं आयकर अधिकारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों द्वारा दान किए गए कपड़ों का जरूरतमंदों के बीच निःशुल्क वितरण किया गया। इस दौरान लोगों को अपनी पसंद के कपड़े चुनने का अवसर दिया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष शैलेश तिवारी ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। इसी भावना के साथ यह अभियान शुरू किया गया है। संस्था आगे भी निरंतर कपड़ा वितरण कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी, ताकि जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके।

### प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए बर्तन बैंक की पहल
राष्ट्रीय महामंत्री राजेश तिवारी ने बताया कि आरंभ सेवा समिति सामाजिक सरोकारों के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी काम कर रही है। इसी क्रम में संस्था की ओर से बर्तन बैंक संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए लोगों की मांग पर निःशुल्क बर्तन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य आयोजनों में डिस्पोजेबल प्लास्टिक और एकल उपयोग वाले बर्तनों के बढ़ते इस्तेमाल को कम करना तथा पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करना है।

### इनकी रही सहभागिता
कार्यक्रम में शैलेश तिवारी, राजेश तिवारी, सर्वेश तिवारी, नितेश तिवारी, राजेश यादव, शालिनी बाजपेई, नेहा कोहली, आराधना शुक्ला, अजीत त्रिवेदी, ऋषभ सचान, अप्पू आनंद, आलोक तिवारी, आचार्य संजय त्रिवेदी और पीयूष त्रिपाठी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस सामाजिक पहल में सक्रिय सहभागिता की।