- भारतीय पावरलिफ्टिंग महासंघ की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अशोक मौर्य ने जीता गोल्ड, आलोक और देवांजना ने भी बढ़ाया शहर का मान
कानपुर, 8 मई।
Indian Powerlifting Federation द्वारा राजस्थान के Udaipur में आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग एवं डेडलिफ्ट चैंपियनशिप 2026 में कानपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। 25 से 28 अप्रैल तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें कानपुर के खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और तकनीक का दम दिखाते हुए शहर का गौरव बढ़ाया।

कानपुर के पांडु नगर स्थित जे.के. टेंपल निवासी अशोक मौर्य ने 53 किलोग्राम जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार उपलब्धि हासिल की। अशोक ने स्क्वाट में 145 किलोग्राम, बेंच प्रेस में 75 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 195 किलोग्राम वजन उठाया। उन्होंने कुल 415 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनके प्रदर्शन की प्रतियोगिता में काफी सराहना हुई।
वहीं जाजमऊ के तिवारीपुर प्रथम निवासी आलोक चौरसिया ने 59 किलोग्राम सब जूनियर वर्ग में तीसरा स्थान हासिल किया। आलोक ने स्क्वाट में 120 किलोग्राम, बेंच प्रेस में 75 किलोग्राम तथा डेडलिफ्ट में 182.5 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 377.5 किलोग्राम का प्रदर्शन किया और कांस्य पदक जीतकर कानपुर का नाम रोशन किया।
इसके अलावा पनकी स्थित रतनपुर कॉलोनी निवासी देवांजना मिश्रा ने 76 किलोग्राम जूनियर वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया। देवांजना ने स्क्वाट में 125 किलोग्राम, बेंच प्रेस में 70 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 132.5 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 327.5 किलोग्राम का प्रदर्शन किया और रजत पदक अपने नाम किया।
खिलाड़ियों की इस सफलता पर खेल प्रेमियों और स्थानीय खेल संगठनों ने खुशी जताई है। खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और कोच के मार्गदर्शन को दिया।