- अंडर-11 और अंडर-13 वर्ग के खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया
- यूटीटी प्रथम राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का दूसरा दिन
कानपुर, 17 अगस्त।
कानपुर के द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में 16 से 23 अगस्त तक आयोजित यूटीटी प्रथम राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन अंडर-11 और अंडर-13 वर्ग के खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। तेज स्मैश, सटीक ड्रॉप, स्पिन, बैकहैंड और फोरहैंड स्ट्रोक्स से टीएसएच रोमांचक मुकाबलों से गूंजता रहा। टीएसएच कानपुर के अपराजित सिंह एवं अधिराज मजूमदार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-13 के मुख्य ड्रॉ में स्थान बनाया।
उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता कानपुर में अब तक की सबसे बड़ी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता मानी जा रही है। प्रतियोगिता का संचालन संघ के चेयरमैन संजीव पाठक एवं सचिव अरुण बनर्जी के निर्देशन में किया जा रहा है।
राजवर्धन, देबांशु, अर्जुन और ग्रंथ अंतिम चार में
अंडर-11 बालक वर्ग में महाराष्ट्र के शीर्ष वरीय खिलाड़ी राजवर्धन तिवारी ने तमिलनाडु के मोहम्मद रेहान को 14-12, 11-2, 11-3 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पश्चिम बंगाल के देबांशु चक्रवर्ती ने गुजरात के रेहांश सिंहवी को सीधे गेमों में 11-7, 11-8, 11-7 से पराजित किया।
दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला पश्चिम बंगाल के अर्जुन सेन और महाराष्ट्र के नक्ष महाजन के बीच हुआ। पांच गेम तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में अर्जुन ने 11-4, 8-11, 12-10, 10-12, 11-6 से जीत दर्ज कर अंतिम चार में जगह बनाई। हरियाणा के ग्रंथ डुकलान ने पश्चिम बंगाल के मायुख सरकार को 11-8, 8-11, 6-11, 11-8, 11-9 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
बालिका वर्ग में भी दिखा रोमांच
बालिका वर्ग में पश्चिम बंगाल की वरेन्या सरकार ने महाराष्ट्र की धड़क्कन तन्ना को 5-11, 11-7, 11-9, 10-12, 11-8 से हराया। वहीं पश्चिम बंगाल की कृतिका सैबो ने तेलंगाना की चेतन अधिरा के खिलाफ शुरुआती दो गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए 10-12, 5-11, 11-4, 11-8, 11-8 से जीत दर्ज की।
दिन की सबसे शानदार वापसी पंजाब की इनाया ने की। दिल्ली की आराध्या कश्यप के खिलाफ शुरुआती दो गेम 10-12, 10-12 से हारने के बाद इनाया ने अगले तीन गेम 11-2, 11-4, 11-7 से जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। हरियाणा की फाल्गुन गुप्ता ने अपनी साथी खिलाड़ी माही कुमारी को 11-7, 11-9, 11-5 से हराया।
अंडर-13 में क्वालीफाइंग मुकाबले पूरे
इस बीच अंडर-13 बालक एवं बालिका वर्ग के क्वालीफाइंग मुकाबले भी संपन्न हो गए। सफल खिलाड़ियों ने मुख्य ड्रॉ में प्रवेश किया। कानपुर के अपराजित सिंह एवं अधिराज मजूमदार ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए मुख्य ड्रॉ में स्थान बनाया।
प्रतियोगिता के दौरान निर्मोय मित्रा, यतिन टिपनिस (महाराष्ट्र), अतुल नंदा (पंजाब), अर्जुन पुरस्कार विजेता अभिन्न श्याम गुप्ता, संजय टंडन, सुनील सिंह, अभिषेक यादव, अविनाश यादव, अनिल गुप्ता एवं सत्यम मिश्रा सहित अनेक गणमान्य खेल प्रेमी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अंडर-11 बालक वर्ग के सेमीफाइनल में अब राजवर्धन तिवारी, अर्जुन सेन, ग्रंथ डुकलान और देबांशु चक्रवर्ती आमने-सामने होंगे। वहीं बालिका वर्ग में वरेन्या सरकार, कृतिका सैबो, इनाया और फाल्गुन गुप्ता खिताब के लिए चुनौती पेश करेंगी।