- के०डी०एम०ए० क्रिकेट लीग 2026-27 में स्काई क्लब और कानपुर ग्रांड क्लब ने भी दर्ज की जीत
कानपुर, 25 नवम्बर।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित के०डी०एम०ए० क्रिकेट लीग 2026-27 के अंतर्गत बुधवार को खेले गए तीन मुकाबलों में नेशनल यूथ क्लब, स्काई क्लब और कानपुर ग्राउंड क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। पी०ए०सी० मैदान पर मोहम्मद शरीम ने नाबाद शतक जड़कर नेशनल यूथ क्लब को नौ विकेट से जीत दिलाई। डी०ए०वी० मैदान पर स्काई क्लब ने 23 रन से तथा वी०एस०एस०डी० कॉलेज मैदान पर कानपुर ग्रांड क्लब ने तीन विकेट से मुकाबला अपने नाम किया।
### शरीम के नाबाद 118 रन से नेशनल यूथ क्लब की बड़ी जीत
पी०ए०सी० मैदान पर खेले गए मुकाबले में केशवपति क्लब की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 41.5 ओवर में 168 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। वैभव ने 36, उदय प्रताप ने 35 और अनमोल मिश्रा ने नाबाद 41 रन बनाए। गेंदबाजी में आलोक, धनेश, अभिषेक और शरीम ने दो-दो विकेट हासिल किए।
जवाब में नेशनल यूथ क्लब ने 13.1 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मोहम्मद शरीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 118 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि अक्षत यादव 22 रन बनाकर नाबाद रहे। नेशनल यूथ क्लब ने नौ विकेट से मुकाबला जीत लिया।
### स्काई क्लब ने 23 रन से हराया सीनेट क्लब को
डी०ए०वी० मैदान पर स्काई क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवर में आठ विकेट पर 192 रन बनाए। वीर सिंह ने 41, अनिरुद्ध ने 39 और उज्ज्वल ने 32 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में शौर्य गुप्ता ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीनेट क्लब की टीम 31.5 ओवर में 169 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। आर्यन सिंह ने 72 और मोहम्मद आरिफ ने 21 रन बनाए। स्काई क्लब की ओर से अभिषेक दीक्षित और तनमय पांडे ने तीन-तीन विकेट तथा राजवर्धन ने दो विकेट हासिल किए। स्काई क्लब ने 23 रन से जीत दर्ज की।
कानपुर ग्रांड क्लब ने तीन विकेट से जीता मुकाबला
वी०एस०एस०डी० कॉलेज मैदान पर चित्रा अकादमी की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 31.1 ओवर में 140 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यशराज ने 17 और संकल्प ने नाबाद 37 रन बनाए। गेंदबाजी में आर्यन पुरोहित ने चार विकेट और सूर्यांश ने तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम को कम स्कोर पर रोक दिया।
जवाब में कानपुर ग्रांड क्लब ने 32.2 ओवर में सात विकेट पर 141 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह कानपुर ग्रांड क्लब ने तीन विकेट से मुकाबला जीत लिया।