- कैंटोनमेंट बोर्ड प्रेरणा स्पेशल स्कूल के छात्र ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान, 4 से 10 दिसंबर तक होगी प्रतियोगिता
- कोच सत्येंद्र सिंह यादव के मार्गदर्शन में निखरी प्रतिभा, स्कूल और शहर में खुशी की लहर
कानपुर, 25 नवंबर।
प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर कैंटोनमेंट बोर्ड प्रेरणा स्पेशल स्कूल के छात्र युवराज चौरसिया ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। युवराज का चयन स्पेशल ओलंपिक भारत की स्पेशल भारतीय 3×3 बास्केटबॉल टीम में हुआ है। वह 4 से 10 दिसंबर 2026 तक फिलीपींस में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय 3×3 बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे कानपुर और उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ा है।
### मेहनत और अनुशासन से हासिल किया अंतरराष्ट्रीय मुकाम
युवराज चौरसिया ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाई है। उनकी इस सफलता के पीछे कोच सत्येंद्र सिंह यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके कुशल मार्गदर्शन में युवराज ने लगातार अपने खेल को निखारा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना साकार किया।
### विद्यालय में खुशी की लहर, पदाधिकारियों ने दी बधाई
युवराज के भारतीय टीम में चयन की खबर मिलते ही कैंटोनमेंट बोर्ड प्रेरणा स्पेशल स्कूल में खुशी का माहौल बन गया। विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देते हुए फिलीपींस में शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
इस उपलब्धि पर कैंटोनमेंट बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी स्टीफन पी.डी., उपाध्यक्ष लखन लाल ओमर, प्रधानाचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल और सीनियर फिजियोथेरेपिस्ट सुब्रतो भद्रा ने युवराज एवं उनके कोच सत्येंद्र सिंह यादव को बधाई दी।
### विशेष बच्चों के लिए बने प्रेरणास्रोत
स्पेशल ओलंपिक भारत-उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुकेश शुक्ला, एरिया डायरेक्टर संजीव दोहरे, स्पोर्ट्स सिलेक्शन कोऑर्डिनेटर मनोज सिंह और कृष्णा शर्मा ने भी युवराज की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि युवराज जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी विशेष बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी सफलता यह साबित करती है कि सही मार्गदर्शन, अवसर और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
विद्यालय परिवार ने युवराज के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतेंगे और कानपुर का नाम रोशन करेंगे।