28 खिलाड़ियों की जंबो फौज भी नहीं बचा सकी यूपी क्रिकेट की लाज, तीन जीत और तीन हार के साथ अभियान लड़खड़ाया

 

 

 

  • नए कोच सुदीप त्यागी का प्रयोग भी नहीं आया काम, चयन प्रक्रिया से लेकर टीम प्रबंधन तक पर उठे सवाल
  • बंगाल के हाथों 93 रन की करारी शिकस्त ने खोली यूपी टीम की कमजोरियां, यूपीसीए के जिम्मेदार पदाधिकारी सवालों से बच रहे

 

भूपेंद्र।

कानपुर, 25 नवंबर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के तमाम प्रयोग और तैयारियां सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में टीम के प्रदर्शन को बेहतर नहीं बना सके। 28 खिलाड़ियों की जंबो फौज तैयार करने से लेकर सफेद गेंद के प्रारूप के लिए नए कोच सुदीप त्यागी की नियुक्ति तक, हर स्तर पर बदलाव किए गए, लेकिन मैदान पर टीम अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी। छह मुकाबलों में तीन जीत और तीन हार के नतीजे ने यूपीसीए की चयन प्रक्रिया, कोचिंग व्यवस्था और टीम प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बंगाल के खिलाफ 93 रन की करारी शिकस्त ने टीम की तैयारियों की पोल खोल दी।

### कोच बदला, व्यवस्था बदली, लेकिन नहीं बदली टीम की तकदीर

नए सत्र के लिए यूपीसीए ने लाल और सफेद गेंद के प्रारूपों में अलग-अलग कोचिंग व्यवस्था लागू करने का फैसला किया था। इसके लिए सितंबर में कोच और सपोर्ट स्टाफ की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए। सफेद गेंद के कोच पद के लिए पूर्व रणजी कोच ज्ञानेंद्र पांडेय और पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज सुदीप त्यागी के नाम चर्चा में थे। शुरुआत में संघ के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने दोनों नामों पर विचार होने और जल्द निर्णय लेने की बात कही थी। बाद में सुदीप त्यागी को टी-20 टीम की जिम्मेदारी सौंप दी गई। हालांकि, नए कोच की नियुक्ति भी टीम के प्रदर्शन में अपेक्षित सुधार नहीं ला सकी।

### 18 सदस्यीय टीम के बाद 28 खिलाड़ियों की फौज, चयन प्रक्रिया पर सवाल

कोच की नियुक्ति के साथ ही यूपीसीए की चयन प्रक्रिया भी विवादों में आ गई। 18 सदस्यीय घोषित टीम के अतिरिक्त खिलाड़ियों को मिलाकर कुल 28 खिलाड़ियों को तैयार रखने के फैसले पर सवाल उठे। आरोप लगे कि चयनकर्ताओं की स्पष्ट जानकारी और उनकी भूमिका तय किए बिना अतिरिक्त खिलाड़ियों को भेजने की तैयारी की गई। सवाल यह भी उठा कि आखिर इतने खिलाड़ियों को साथ रखने के पीछे क्या रणनीति थी और उन्हें किस भूमिका में इस्तेमाल किया जाना था? टीम प्रबंधन की ओर से इस व्यवस्था को लेकर कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया।

### प्रदर्शन करने वाले बाहर, कमजोर आंकड़ों वाले खिलाड़ियों को मौका

चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों के चयन को लेकर भी कई फैसले चर्चा का विषय बने। यूपी टी-20 लीग में 24 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह को टीम में जगह नहीं मिली, जबकि सात मुकाबलों में महज 53 रन बनाने वाले अर्नव बालियान के चयन पर सवाल उठे। इससे चयनकर्ताओं की कसौटी और खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्राथमिकता देने की नीति पर सवाल खड़े हुए। क्रिकेट से जुड़े लोगों के बीच यह चर्चा भी तेज हुई कि आखिर टीम चयन का आधार क्या रहा?

### छह मैचों में तीन जीत, तीन हार; बंगाल ने आईना दिखाया

टूर्नामेंट में यूपी का प्रदर्शन लगातार उतार-चढ़ाव भरा रहा। राजस्थान के खिलाफ छह विकेट से हार के साथ अभियान की शुरुआत हुई। इसके बाद कर्नाटक को 16 रन से हराकर टीम ने वापसी की, लेकिन बड़ौदा के खिलाफ आठ विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। चंडीगढ़ और झारखंड को हराकर टीम ने उम्मीदें जगाईं, मगर बंगाल के खिलाफ बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में निराशाजनक प्रदर्शन किया।

बंगाल ने 15 ओवर में 201 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जबकि यूपी की टीम सात विकेट पर महज 108 रन ही बना सकी। इस तरह टीम को 93 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले ने टीम की तैयारियों और रणनीति की कमजोरियों को उजागर कर दिया।

### व्यक्तिगत प्रदर्शन चमका, लेकिन सामूहिक प्रयास नदारद

यूपी की ओर से समीर रिजवी ने 218 रन बनाकर बल्लेबाजी में प्रभाव छोड़ा। आर्यन जुयाल ने भी उपयोगी पारियां खेलीं। गेंदबाजी में अनुभवी भुवनेश्वर कुमार आठ विकेट लेकर सबसे सफल रहे। इसके बावजूद टीम सामूहिक प्रदर्शन करने में नाकाम रही। अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी और नए कोच की रणनीति भी टीम को निरंतर जीत की राह पर नहीं ले जा सकी।

### 26 नवंबर को मिजोरम से मुकाबला, यूपीसीए की जवाबदेही पर सवाल

अब यूपी की टीम के सामने 26 नवंबर को मिजोरम की चुनौती है। हालांकि, इस मुकाबले का परिणाम कुछ भी रहे, लेकिन मौजूदा प्रदर्शन ने यूपीसीए के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जब कोच की नियुक्ति से लेकर खिलाड़ियों की संख्या बढ़ाने तक तमाम प्रयोग किए गए तो टीम का प्रदर्शन बेहतर क्यों नहीं हुआ? क्या चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को पर्याप्त महत्व दिया गया? क्या टीम प्रबंधन खिलाड़ियों की भूमिका और जिम्मेदारी तय करने में विफल रहा?

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इन सवालों पर संघ के जिम्मेदार पदाधिकारी भी जवाब देने से बच रहे हैं। पूरे मामले में यूपीसीए के सीईओ अंकित चटर्जी से भी जवाब जानने की कोशिश की गई, लेकिन वह सवालों पर स्पष्ट प्रतिक्रिया देने के बजाय कन्नी काटते नजर आ रहे हैं। ऐसे में टीम के प्रदर्शन के साथ-साथ संघ की जवाबदेही और पारदर्शिता भी सवालों के घेरे में है।

 

Leave a Comment