उत्तर प्रदेश टेनिस बॉल क्रिकेट टीम के चयन के लिए कानपुर में ट्रायल, अंडर-14 और इंटर जोनल टीमों का होगा चयन

 

 

  • 26 जुलाई को हर सहाय पीजी कॉलेज में होगा ओपन चयन ट्रायल, 7 से 9 सितंबर तक गोवा में होगी राष्ट्रीय चैंपियनशिप
  • 7 से 9 सितंबर तक गोवा में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चुने जाएंगे खिलाड़ी

 

कानपुर, 24 जुलाई।

उत्तर प्रदेश टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में 11वीं मिनी नेशनल टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप 2026-27 (अंडर-14 बालक एवं बालिका) तथा आल इंडिया इंटर जोनल टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप (महिला/पुरुष) के लिए उत्तर प्रदेश टीम के चयन हेतु ओपन ट्रायल का आयोजन 26 जुलाई (रविवार) को शाम 4 बजे हर सहाय पीजी कॉलेज, कानपुर में किया जाएगा। इस ट्रायल में चयनित खिलाड़ी 7 से 9 सितंबर तक गोवा के मडगांव में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

अंडर-14 वर्ग के लिए आयु सीमा निर्धारित

चयन ट्रायल में अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग के वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी जन्मतिथि 7 अगस्त 2012 के बाद की हो। वहीं आल इंडिया इंटर जोनल टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप (महिला/पुरुष) में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड एवं आयु प्रमाण-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। खिलाड़ियों को निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचकर पंजीकरण कराने की सलाह दी गई है।

पारदर्शी चयन प्रक्रिया का दावा

चयन ट्रायल के संरक्षक कानपुर टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यप्रकाश तिवारी होंगे, जबकि पूरी चयन प्रक्रिया संयुक्त सचिव केतन सोनकर की निगरानी में संपन्न कराई जाएगी।

उत्तर प्रदेश टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव रामेंद्र सिंह ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी होगी। उन्होंने प्रदेश के सभी जनपदों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में ट्रायल में भाग लेकर उत्तर प्रदेश टीम में स्थान बनाने का आह्वान किया।

पंजीकरण के लिए संपर्क करें

ट्रायल में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए केतन सोनकर से मोबाइल नंबर 95171 36785 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Comment