- अंडर-15 यंग टाइटंस क्रिकेट प्रीमियर चैंपियनशिप-2026
- सेमीफाइनल में शानदार जीत दर्ज कर दोनों टीमों ने फाइनल में बनाई जगह, 21 जून को होगा खिताबी मुकाबला
कानपुर, 17 जून।
सर पदमपत सिंघानिया स्पोर्ट्स अकैडमी (SPSSA) द्वारा आयोजित अंडर-15 यंग टाइटंस क्रिकेट प्रीमियर चैंपियनशिप-2026 के सेमीफाइनल मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। रोमांचक मुकाबलों में चंद्रा क्रिकेट अकादमी और सर पदमपत सिंघानिया स्पोर्ट्स अकैडमी (SPSSA) ने जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया।
सुमित पाल के ऑलराउंड प्रदर्शन से चंद्रा क्रिकेट अकादमी फाइनल में
पहले सेमीफाइनल मुकाबले में चंद्रा क्रिकेट अकादमी ने एफजीके क्रिकेट अकादमी को 72 रनों से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चंद्रा क्रिकेट अकादमी ने 22.1 ओवर में 151 रन बनाए।
टीम की ओर से आयुष कुमार प्रजापति ने 21 गेंदों में 34 रनों की आक्रामक पारी खेली, जबकि सुमित पाल ने महत्वपूर्ण 32 रन बनाने के साथ गेंदबाजी में भी 2 विकेट लेकर शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया।
152 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एफजीके क्रिकेट अकादमी की टीम चंद्रा अकादमी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 20.2 ओवर में 79 रन पर सिमट गई। एफजीके की ओर से पियूष ने 2 विकेट हासिल किए।
अपने हरफनमौला प्रदर्शन के लिए सुमित पाल को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
अनुकल्प की घातक गेंदबाजी से SPSSA ने मारी बाजी
दूसरे सेमीफाइनल में सर पदमपत सिंघानिया स्पोर्ट्स अकादमी (SPSSA) और क्रिक-इट स्ट्राइक जोन के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया। SPSSA ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 157 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिक-इट स्ट्राइक जोन की टीम ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन 150 रन पर ऑल आउट हो गई और मुकाबला 7 रन से गंवा बैठी।
SPSSA की ओर से यश गुप्ता ने 38 गेंदों में 54 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं अनुकल्प सैनी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके और मैच का रुख अपनी टीम के पक्ष में मोड़ दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
21 जून को होगा महामुकाबला
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 21 जून को सर पदमपत सिंघानिया स्पोर्ट्स अकादमी (SPSSA) और चंद्रा क्रिकेट अकादमी के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है, ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को एक रोमांचक और उच्च स्तरीय खिताबी मुकाबले की उम्मीद है।
प्लेयर ऑफ द मैच
पहला सेमीफाइनल: सुमित पाल (चंद्रा क्रिकेट अकादमी)
दूसरा सेमीफाइनल: अनुकल्प सैनी (SPSSA)
संक्षिप्त परिणाम
पहला सेमीफाइनल:
चंद्रा क्रिकेट अकादमी ने एफजीके क्रिकेट अकादमी को 72 रन से हराया।
दूसरा सेमीफाइनल:
SPSSA ने क्रिक-इट स्ट्राइक जोन को 7 रन से हराया।
फाइनल:
SPSSA बनाम चंद्रा क्रिकेट अकादमी
दिनांक: 21 जून 2026