- केडीएमए क्रिकेट लीग के सेमीफाइनल में विनर्स क्लब को 6 विकेट से हराया
- प्रिन्स ने झटके 4 विकेट, हिमांशु का अर्धशतक और सागर शर्मा का ऑलराउंड प्रदर्शन रहा जीत का आधार
कानपुर, 17 जून।
केडीएमए क्रिकेट लीग के अंतर्गत एवरेस्ट मैदान पर खेले गए सीनियर डिवीजन एलीट ग्रुप के सेमीफाइनल मुकाबले में कानपुर साउथ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विनर्स क्लब को 6 विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। टीम की जीत में प्रिन्स मौर्य की घातक गेंदबाजी, हिमांशु सिंह के अर्धशतक और सागर शर्मा के ऑलराउंड खेल की अहम भूमिका रही।
पहले बल्लेबाजी करते हुए विनर्स क्लब की पूरी टीम 26.1 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। सार्थक लोहिया ने 30 तथा शिवांशु सचान ने 24 रन का योगदान दिया। कानपुर साउथ की ओर से प्रिन्स मौर्य ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 17 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। सागर शर्मा ने मात्र 3 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि सद्दाम हुसैन और एकलव्य यादव ने दो-दो विकेट प्राप्त किए।
115 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर साउथ की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए केवल 10.1 ओवर में 4 विकेट खोकर 120 रन बना लिए। हिमांशु सिंह ने 50 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि उपेन्द्र सिंह ने 33 रन और सागर शर्मा ने 26 रन नाबाद बनाकर टीम को जीत दिलाई। विनर्स क्लब की ओर से अखिलेश निषाद ने 18 रन देकर 2 विकेट लिए।
इस जीत के साथ कानपुर साउथ ने प्रतियोगिता के फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।