- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्वाभ्यास में बच्चों ने किया योगाभ्यास, रंगोली के माध्यम से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
कानपुर, 15 जून।
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्वाभ्यास के तहत भारत स्काउट एवं गाइड, कानपुर नगर द्वारा आयोजित योग सप्ताह के प्रथम दिन विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने योगाभ्यास कर अपने दिन की शुरुआत की। बच्चों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लेते हुए उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।
‘स्क्रीन टाइम कम, योग में मन लगाएं हम’ का दिया संदेश
कार्यक्रम में बच्चों ने “स्क्रीन टाइम कम, योग में मन लगाएं हम” तथा “योग अपनाएं, नवजीवन पाएं” जैसे प्रेरणादायी संदेशों को आत्मसात करते हुए योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। योगाभ्यास के साथ-साथ विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और योग की उपयोगिता को कलात्मक रूप से प्रस्तुत किया।

रंगोली के माध्यम से योग का किया सृजनात्मक प्रदर्शन
भारत स्काउट एवं गाइड के जिला सचिव सर्वेश तिवारी ने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी के निर्देशन में संचालित योग सप्ताह के अंतर्गत एस.एन. सेन गर्ल्स इंटर कॉलेज, के.के. गर्ल्स इंटर कॉलेज, पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन इंटर कॉलेज, कानपुर विद्या मंदिर सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने रंगोली सजाकर योग के प्रति अपनी जागरूकता और भावनाओं को अभिव्यक्त किया।

स्काउट-गाइड पदाधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के सफल संचालन में स्काउट-गाइड प्रभारी ऊषा यादव, डॉ. दिशा दुबे, शैलजा रावत, ज्योति यादव एवं नीता त्रिपाठी का विशेष सहयोग रहा। वहीं जिला संगठन आयुक्त (गाइड) प्रीति तिवारी ने एस.एन. सेन गर्ल्स इंटर कॉलेज में छात्राओं के साथ योगाभ्यास कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

योग सप्ताह में दिख रहा बच्चों का उत्साह
योग सप्ताह के पहले ही दिन विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में भी विभिन्न विद्यालयों में योग से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम, सामूहिक योगाभ्यास और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।