- एफजीके, नगर निगम, क्रिक-इट स्ट्राइक जोन और एसपीएसएसए अकैडमी ने दर्ज की शानदार जीत
कानपुर, 15 जून।
सर पदमपत सिंघानिया स्पोर्ट्स अकैडमी (एसपीएसएसए) द्वारा आयोजित अंडर-15 यंग टाइटंस क्रिकेट प्रीमियर चैंपियनशिप-2026 में सोमवार को खेले गए चार लीग मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। दिन भर चले मुकाबलों में एफ.जी.के. क्रिकेट अकैडमी, नगर निगम क्रिकेट अकैडमी, क्रिक-इट स्ट्राइक जोन और एसपीएसएसए अकैडमी ने प्रभावशाली जीत दर्ज की।

वंशुल की घातक गेंदबाजी, एफजीके की एकतरफा जीत
दिन के पहले मुकाबले में एफ.जी.के. क्रिकेट अकैडमी ने जेम्स क्रिकेट अकैडमी को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। जेम्स क्रिकेट अकैडमी की पूरी टीम मात्र 29 रन पर सिमट गई। जवाब में एफ.जी.के. ने केवल 2.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। वंशुल सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 रन देकर 4 विकेट हासिल किए और प्लेयर ऑफ द मैच एवं बेस्ट बॉलर चुने गए। अमित यादव को बेस्ट बैटर का पुरस्कार मिला।
सुंदर पांडेय के अर्धशतक से नगर निगम अकैडमी विजयी
दूसरे मुकाबले में नगर निगम क्रिकेट अकैडमी ने आर.वी.एस. क्रिकेट अकैडमी को 13 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नगर निगम की टीम ने 5 विकेट पर 167 रन बनाए। जवाब में आर.वी.एस. की टीम 8 विकेट पर 154 रन ही बना सकी।
नगर निगम की ओर से सुंदर पांडेय ने शानदार 55 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द मैच तथा बेस्ट बैटर का पुरस्कार जीता। प्रिंस यादव को बेस्ट बॉलर और फाइटर ऑफ द मैच चुना गया।
क्रिक-इट स्ट्राइक जोन ने 8 विकेट से दर्ज की जीत
तीसरे मुकाबले में क्रिक-इट स्ट्राइक जोन ने रतनलाल क्रिकेट अकैडमी को 8 विकेट से पराजित किया। रतनलाल क्रिकेट अकैडमी ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट पर 129 रन बनाए।
130 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए क्रिक-इट स्ट्राइक जोन ने मात्र 10.4 ओवर में 2 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। शौर्य ठाकुर को प्लेयर ऑफ द मैच एवं बेस्ट बॉलर, जबकि आदित्य भदौरिया को बेस्ट बैटर चुना गया।
आदर्श यादव बने जीत के हीरो, एसपीएसएसए की शानदार सफलता
दिन के चौथे मुकाबले में एसपीएसएसए अकैडमी ने प्रताप किड्स फ्लोरा अकैडमी को 64 रनों से हराकर दमदार प्रदर्शन किया। एसपीएसएसए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 147 रन बनाए।
जवाब में प्रताप किड्स फ्लोरा अकैडमी की पूरी टीम 83 रन पर ऑलआउट हो गई। आदर्श यादव ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 52 रन बनाने के साथ 4 विकेट भी हासिल किए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच, बेस्ट बैटर और बेस्ट बॉलर तीनों पुरस्कार प्रदान किए गए।
युवा प्रतिभाओं को मिल रहा बड़ा मंच
यंग टाइटंस क्रिकेट प्रीमियर चैंपियनशिप में लगातार युवा खिलाड़ियों का उत्साह, खेल कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने को मिल रही है। प्रतियोगिता उभरते क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अनुभव प्राप्त करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान कर रही है।