- 18 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने विभिन्न भार वर्गों में किया शानदार प्रदर्शन
- सेंट मैरी ऑर्थोडॉक्स स्कूल, कृष्णापुरम में आयोजित प्रतियोगिता में पदक विजेताओं को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर किया गया सम्मानित
कानपुर, 9 जुलाई।
सेंट मैरी ऑर्थोडॉक्स स्कूल, कृष्णापुरम में आयोजित सीआईएससीई साउथ जोनल कराटे चैंपियनशिप का सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता में 18 विद्यालयों के लगभग 195 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के आदरणीय फादर, प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल, सह-आयोजक विद्यालय की प्रिंसिपल तथा ऑल कानपुर कराटे-डू एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय वैशय एवं महासचिव सुनील श्रीवास्तव द्वारा किया गया। खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में प्रतिस्पर्धा करते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया और पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता का संचालन ऑल कानपुर कराटे-डू एसोसिएशन के अनुभवी जज एवं रेफरी पैनल द्वारा किया गया, जिनकी कुशलता और निष्पक्ष निर्णयों से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन समारोह में पदक विजेता खिलाड़ियों को विद्यालय के आदरणीय फादर, प्रिंसिपल तथा सह-आयोजक विद्यालय के प्रिंसिपल शाश्वत भदौरिया ने मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
आयोजन को सफल बनाने में ऑल कानपुर कराटे-डू एसोसिएशन की ऑफिशियल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ऑफिशियल पैनल में ऑब्जर्वर के रूप में सुनील श्रीवास्तव तथा मुख्य रेफरी के रूप में राहुल कटियार ने जिम्मेदारी निभाई। इसके अलावा शोभित पांडेय, सिद्धांत श्रीवास्तव, संदीप तिवारी, विवेक प्रताप, सुरभि, रागिनी, हर्षित, दीपक एवं शैलेश ने रेफरी एवं जज के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों ने आयोजकों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से कराने की अपेक्षा व्यक्त की।