- 3.5 किलोमीटर के सर्किट पर सुबह आठ से शाम चार बजे तक हुई प्रतियोगिता, विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
- अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रजत आदित्य दीक्षित और आनंद किशोर पांडे ने फ्लैग ऑफ कर शुरू कराईं रेस
कानपुर, 18 अक्टूबर।
ट्रांस गंगा सिटी के एंट्री गेट नंबर-2 के अंदर रविवार को उत्तर प्रदेश राज्य रोड साइक्लिंग ट्रायल का आयोजन किया गया। 3.8 किलोमीटर के सर्किट पर आयोजित ट्रायल में प्रदेश के विभिन्न जिलों और उत्तर प्रदेश पुलिस के करीब 80 खिलाड़ियों एवं अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। सुबह आठ बजे शुरू हुई प्रतियोगिता शाम चार बजे तक चली। इसमें सीनियर पुरुष एवं महिला, अंडर-23, जूनियर, सब-जूनियर और यूथ बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन का परिचय दिया।

प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ी
ट्रायल में प्रयागराज, हरदोई, झांसी, अयोध्या, कानपुर, नोएडा, आगरा, लखनऊ, गाजियाबाद, सुल्तानपुर, बुलंदशहर, मेरठ, मिर्जापुर, हाथरस, मऊ, शामली, वाराणसी और मुरादाबाद सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य अलग-अलग आयु वर्गों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करना रहा।

रजत आदित्य दीक्षित ने फ्लैग ऑफ कर शुरू कराई रेस
प्रतियोगिता के शुभारंभ से पहले मुख्य अतिथि रजत आदित्य दीक्षित का आरके गुप्ता ने शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। रजत आदित्य दीक्षित उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो संघ के चेयरमैन, उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के संयुक्त सचिव और कानपुर ओलंपिक संघ के महासचिव हैं। उन्होंने सीनियर एवं जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों की रेस को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया।
वहीं, विशेष आमंत्रित अतिथि एवं पैदल यात्री संघ के महासचिव और लखनऊ साइक्लिंग संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आनंद किशोर पांडे ने सब-जूनियर और यूथ बालक-बालिका वर्ग की रेस को फ्लैग ऑफ कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
तकनीकी अधिकारियों की देखरेख में संपन्न हुआ ट्रायल
प्रतियोगिता में तकनीकी अधिकारियों के रूप में मुरादाबाद के सैयद मर्दान अली, मेरठ के किरण पाल सिंह, उन्नाव के आरके पंडित, बृजेश शुक्ला, कानपुर के नदीम अहमद, अरुण कुमार सक्सेना और सुजीत कुमार उपस्थित रहे।
अयोध्या में आरएसओ के अधीन कार्यरत सहायक साइक्लिंग कोच एवं साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से पर्यवेक्षक नियुक्त अवधेश कुमार विश्वकर्मा की देखरेख में ट्रायल सुचारु रूप से संपन्न हुआ।
खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
समापन अवसर पर रजत आदित्य दीक्षित ने सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजकों की ओर से खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
उत्तर प्रदेश साइक्लिंग एसोसिएशन के महासचिव आरके गुप्ता ने बताया कि ट्रायल में प्रदेश के विभिन्न जिलों से खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।