टीएसएच के प्रिशा, मान्विक और आरव ने टेबल टेनिस में दिखाई प्रतिभा

 

 

  • टूर्नामेंट 2.0 में 110 प्रतिभागियों ने सात वर्गों में किया शानदार प्रदर्शन; पुरुष एकल में सत्यम और महिला एकल में अंशिका बनीं विजेता

 

कानपुर, 18 अक्टूबर।

आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में रविवार को आयोजित टेबल टेनिस टूर्नामेंट 2.0 में रोमांचक मुकाबलों के बीच युवा खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रिशा अग्रवाल, मान्विक और आरव ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। अंडर-11 वर्ग में प्रिशा अग्रवाल ने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया। प्रतियोगिता में कुल 110 प्रतिभागियों ने सात वर्गों में हिस्सा लिया।

पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में सत्यम गिरी गुप्ता ने आशुतोष गुप्ता को 3-1 से हराकर खिताब जीता। सत्यम ने पहला सेट 11-7 से जीता, जबकि आशुतोष ने दूसरा सेट 12-10 से अपने नाम कर बराबरी की। इसके बाद सत्यम ने अगले दोनों सेट 11-9 और 11-6 से जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया। महिला एकल के फाइनल में अंशिका गुप्ता ने श्रुति मेहरोत्रा को 11-4, 8-11, 11-7 और 11-8 से हराकर खिताब हासिल किया।

लाइफटाइम मेंबर्स ने भी दिखाया दम

टीएसएच के लाइफटाइम मेंबर्स का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा। पुरुष युगल में सिद्धार्थ खेतान और करन जेर की जोड़ी उपविजेता रही, जबकि लोकेश पंजाबी और अमित निगम की जोड़ी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-11 में आद्विक माहेश्वरी और अंडर-15 में अबीर गुप्ता ने उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।

विभिन्न वर्गों के परिणाम

अंडर-11 वर्ग में शुभ तिवारी प्रथम, आद्विक माहेश्वरी द्वितीय और भव्या सिंह तृतीय रहे। अंडर-15 में अधिराज मजूमदार प्रथम, अबीर गुप्ता द्वितीय और अपराजिता सिंह तृतीय रहीं। अंडर-19 बालक वर्ग में दक्ष खंडेलवाल प्रथम, आशुतोष गुप्ता द्वितीय और अधिराज मजूमदार तृतीय रहे। अंडर-19 बालिका वर्ग में देवऋषिका शुक्ला प्रथम, अन्या गुप्ता द्वितीय और अंशिका गुप्ता तृतीय रहीं।

पुरुष एकल में सत्यम गिरी गुप्ता प्रथम, आशुतोष गुप्ता द्वितीय और दक्ष खंडेलवाल तृतीय रहे। महिला एकल में अंशिका गुप्ता प्रथम, श्रुति मेहरोत्रा द्वितीय और माला सिंह तृतीय रहीं।

समापन समारोह में उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के चेयरमैन संजीव पाठक, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गीता टंडन कपूर, कानपुर टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव संजय टंडन और टीएसएच के डायरेक्टर प्रणव अग्रवाल ने विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

Leave a Comment