- कानपुर के डॉ. अभिषेक बाजपेई भारतीय दल के मुख्य फिजियोथेरेपिस्ट, पांच खिलाड़ी भी करेंगे देश का प्रतिनिधित्व
- 3 से 10 अक्टूबर तक पेनांग में होगी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता
कानपुर, 25 सितंबर।
मलेशिया के पेनांग में आयोजित होने वाली एशिया पैसिफिक डेफ मल्टी स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 में उत्तर प्रदेश के छह प्रतिनिधि भारतीय दल का हिस्सा होंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 10 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। इनमें कानपुर के डॉ. अभिषेक बाजपेई को भारतीय टीम के फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में चयनित किया गया है, जबकि प्रदेश के पांच खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
डेफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महामंत्री सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए प्रदेश के खिलाड़ियों और डॉ. अभिषेक बाजपेई का चयन उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। भारतीय दल में शामिल खिलाड़ी एथलेटिक्स, बैडमिंटन और शतरंज में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
एथलेटिक्स में तीन खिलाड़ी
एथलेटिक्स स्पर्धा में बिजनौर के विवेक राणा, मैनपुरी के रोहित यादव और बरेली के रिदम शर्मा भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। तीनों खिलाड़ियों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
बैडमिंटन और शतरंज में भी यूपी की भागीदारी
गोरखपुर के आदित्य यादव बैडमिंटन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि प्रयागराज के आशुतोष शुक्ला शतरंज स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। इस तरह प्रदेश के पांच खिलाड़ी तीन अलग-अलग खेलों में देश की चुनौती पेश करेंगे।
डॉ. अभिषेक बाजपेई संभालेंगे फिजियो की जिम्मेदारी
कानपुर के डॉ. अभिषेक बाजपेई को भारतीय दल के फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में जिम्मेदारी मिली है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, रिकवरी और खेल संबंधी शारीरिक आवश्यकताओं में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि सभी चयनित खिलाड़ी प्रतियोगिता के लिए पूरी तरह तैयार हैं और मलेशिया में शानदार प्रदर्शन के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश और भारत का नाम रोशन करते हुए पदक हासिल करेंगे।