- 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जीता गोल्ड, एसजीएफआई नेशनल के लिए यूपी टीम में चयन
- यूथ अंडर-19 स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी हासिल कर चुकी हैं स्वर्ण पदक
कानपुर, 25 सितंबर।
औद्योगिक नगरी कानपुर की होनहार महिला मुक्केबाज अमूल्य केसरवानी ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया है। पूर्णा देवी खन्ना इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा अमूल्य ने लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में 23 से 27 सितंबर तक माध्यमिक शिक्षा परिषद के तत्वावधान में आयोजित 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में अपने दमदार पंच से स्वर्ण पदक जीता। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने एसजीएफआई राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में स्थान भी पक्का कर लिया है।
यूथ अंडर-19 स्टेट चैंपियनशिप में भी जीता था गोल्ड
अमूल्य ने हाल ही में लखनऊ में आयोजित एसजीएफआई यूथ अंडर-19 स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। लगातार दो प्रमुख प्रदेशीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा और निरंतरता का परिचय दिया है।
डीआर बॉक्सिंग एकेडमी में कर रहीं कड़ी तैयारी
अमूल्य डीआर बॉक्सिंग एकेडमी, कानपुर में कोच गौरव के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण ले रही हैं। कड़ी मेहनत और अनुशासित अभ्यास के दम पर वह लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना रही हैं। उनकी सफलता पर पिता सावन केसरवानी सहित फजलगंज निवासी परिवार के सदस्यों ने खुशी जताई।
कई राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक
अमूल्य केसरवानी का अब तक का खेल सफर भी उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने सब जूनियर स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप, मुरादाबाद (2022) और बुलंदशहर, एसजीएफआई जूनियर स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप, लखनऊ में स्वर्ण पदक हासिल किया है। इसके अलावा जूनियर स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप, झांसी में रजत और यूथ स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप, हापुड़ तथा एसजीएफआई जूनियर स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप, वाराणसी में कांस्य पदक भी जीते हैं।
उन्होंने सब जूनियर नेशनल, कर्नाटक, एसजीएफआई जूनियर नेशनल, अरुणाचल प्रदेश तथा आरईसी ओपन नेशनल चैंपियनशिप, रोहतक और नोएडा में भी सहभागिता की है।
राष्ट्रीय मंच पर कानपुर का नाम रोशन करने की उम्मीद
अमूल्य की सफलता पर उनके विद्यालय की प्राचार्या अमिता, शिक्षिकाओं, परिवार के सदस्यों, कोच गौरव और साथी खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई दी। कोच गौरव ने विश्वास जताया कि अमूल्य आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए कानपुर का नाम देशभर में रोशन करेंगी।