- कैंटोनमेंट क्लब नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट में सेमीफाइनल की तस्वीर साफ
- दिग्विजय, शुभंकित, प्रथम और पारस रहे अपनी-अपनी टीमों की जीत के नायक
- कल खेले जाएंगे दोनों सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला
कानपुर, 26 मई।
कैंटोनमेंट क्लब और डेकाथलन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 7 ‘ए’ साइड रात्रिकालीन फुटबॉल टूर्नामेंट में बुधवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। चारों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दिन के अंत तक यूनिवर्सिटी एफसी, उन्नाव स्टेडियम, कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब और सुपर स्ट्राइकर ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
दिग्विजय के गोल से उन्नाव स्टेडियम सेमीफाइनल में
पहला क्वार्टर फाइनल मैच मैचलेस एफसी और उन्नाव स्टेडियम के बीच खेला गया। मुकाबले में दोनों टीमों की रक्षापंक्ति काफी मजबूत नजर आई, जिसके चलते पहला हॉफ गोलरहित रहा। दूसरे हॉफ में भी दोनों टीमों ने कई आक्रमण किए लेकिन सफलता नहीं मिली। मैच समाप्ति से ठीक पहले उन्नाव स्टेडियम के दिग्विजय ने शानदार गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके तुरंत बाद रेफरी की अंतिम सीटी बजते ही उन्नाव स्टेडियम ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
शुभंकित बने यूनिवर्सिटी एफसी की जीत के हीरो
दूसरे मुकाबले में यूनिवर्सिटी एफसी और अरमापुर के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों टीमों में कई राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल थे। निर्धारित समय और अतिरिक्त समय तक कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। इसके बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें यूनिवर्सिटी एफसी ने 4-2 से जीत दर्ज की। टीम के गोलकीपर शुभंकित शुक्ला ने शानदार बचाव कर जीत में अहम भूमिका निभाई।
प्रथम के दो गोल से कैंटोनमेंट क्लब की दमदार जीत
तीसरे क्वार्टर फाइनल में कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब ने ग्रीनपार्क एफसी को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। मैच की शुरुआत से ही कैंटोनमेंट क्लब ने आक्रामक खेल दिखाया। समीर के बेहतरीन पास पर प्रथम सिंह ने पहला गोल दागा। दूसरे हॉफ में कबीर के शानदार लॉन्ग पास और समीर के तालमेल से प्रथम ने दूसरा गोल कर मुकाबला पूरी तरह कैंटोनमेंट के पक्ष में कर दिया। ग्रीनपार्क एफसी ने वापसी की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली।

कप्तान पारस के नेतृत्व में सुपर स्ट्राइकर की बड़ी जीत
चौथे मुकाबले में सुपर स्ट्राइकर ने कैंट स्पोर्टिंग को 4-0 से हराया। कप्तान पारस ने शुरुआती 15 मिनट में लगातार दो गोल कर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। इसके बाद आदर्श और सौरभ ने भी गोल दागकर जीत सुनिश्चित कर दी। हालांकि कैंट स्पोर्टिंग के 16 वर्षीय गोलकीपर शादाब खान ने कई शानदार बचाव कर दर्शकों की वाहवाही लूटी।
आज होंगे दोनों सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले
टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल कैंटोनमेंट फुटबॉल क्लब और उन्नाव स्टेडियम के बीच शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल सुपर स्ट्राइकर और यूनिवर्सिटी एफसी के बीच रात 8 बजे होगा। इसके बाद रात 10:45 बजे फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
इस अवसर पर सचिव अजीत सिंह, आसिफ इकबाल, अमित नारंग, सौरभ सिंह, एम.एम. खान, गोविंदा कुमार सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।