- विकसित भारत के लिए ‘नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान’ को समर्पित होगी प्रतियोगिता, अक्टूबर में ट्रायल से चुनी जाएंगी आठ टीमें
कानपुर, 11 अगस्त।
प्रतिभाशाली युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुपीरियर स्पिरिट्स स्पोर्ट्स एकेडमी और एएस क्रिकेट एकेडमी की ओर से पांचवीं स्वर्गीय कन्हैया लाल त्रिवेदी मेमोरियल अंडर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता ‘सुपीरियर कप’ का आयोजन नवंबर में किया जाएगा। प्रतियोगिता दीपावली के बाद आयोजित होगी।
ट्रायल से चुने जाएंगे प्रतिभाशाली खिलाड़ी
सुपीरियर एकेडमी के सचिव सर्वेश तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए अक्टूबर में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल के माध्यम से बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन कर आठ टीमें बनाई जाएंगी। खास बात यह है कि प्रतियोगिता इस बार भी पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। किसी भी खिलाड़ी से ट्रायल अथवा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के नाम पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता को निःशुल्क रखने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक कारणों से कोई भी प्रतिभाशाली बच्चा क्रिकेट के इस मंच से वंचित न रह जाए।
क्रिकेट के साथ सामाजिक सरोकारों का संदेश
एडिशनल कमिश्नर इनकम टैक्स एवं सुपीरियर एकेडमी के मुख्य संरक्षक अरविंद त्रिवेदी और चेयरमैन पीसी श्रीवास्तव ने कहा कि सुपीरियर एकेडमी खेल गतिविधियों के साथ-साथ देशहित और सामाजिक सरोकारों में भी अपना योगदान देती रही है। इसी क्रम में इस वर्ष सुपीरियर कप को ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान’ को समर्पित किया जाएगा।
बच्चों को नशे से दूर रखने का लिया संकल्प
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से कम उम्र के खिलाड़ियों और बच्चों को खेलों से जोड़ते हुए नशा मुक्ति का संदेश दिया जाएगा। इस अवसर पर विकास सिंह, डॉ. अभिषेक बाजपेई, प्रमोद पाटिल, पूजा पाटिल, हिमांशु शुक्ला और उत्कर्ष मौर्य की मौजूदगी में बच्चों को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।
आयोजकों का कहना है कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच विकसित करना भी प्रतियोगिता का प्रमुख उद्देश्य रहेगा।