क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा के पोस्टर का अंतरराष्ट्रीय पैरा स्पोर्ट्स आइकॉन जुड़वा भाई राहुल-रोहित ने किया विमोचन

 

 

  • प्रांत की बैठक में खेलों के माध्यम से युवाओं में संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

 

कानपुर, 17 अगस्त।

क्रीड़ा भारती कानपुर प्रांत की बैठक में रविवार को आयोजित होने वाली क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार पोस्टर एवं बैनर का विमोचन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और कानपुर का प्रतिनिधित्व कर चुके जुड़वा भाई राहुल गुप्ता एवं रोहित गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती कानपुर प्रांत के प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. आर.पी. सिंह, प्रांत मंत्री नीतू कटियार तथा कानपुर महानगर मंत्री समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में क्रीड़ा भारती के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, संस्कार, राष्ट्रभावना और सकारात्मक सोच विकसित करने पर जोर दिया। सदस्यों ने ‘खेल से चरित्र निर्माण, चरित्र से राष्ट्र निर्माण’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

6 सितंबर को होगी क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा

क्रीड़ा भारती कानपुर प्रांत की ओर से क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा का आयोजन 6 सितंबर 2026 (रविवार) को किया जाएगा। परीक्षा में खेल संस्कृति, खेलों से जुड़े मूल्य, विचार एवं सामान्य खेल ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए न्यूनतम आयु 12 वर्ष निर्धारित की गई है। इसमें 20 मिनट में कुल 50 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रतिभागी मोबाइल, कंप्यूटर अथवा टैबलेट के माध्यम से ऑनलाइन परीक्षा दे सकेंगे।

परीक्षा में प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये के दो पुरस्कार, तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये के छह पुरस्कार तथा चतुर्थ पुरस्कार 11 हजार रुपये के 11 पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। ऑनलाइन परीक्षा शुल्क मात्र 20 रुपये रखा गया है।

बैठक में डॉ. आर.पी. सिंह, नीतू कटियार, अरुण दूबे, श्याम मिश्रा, महेंद्र सिंह, मौसमि साहू, अमित बाजपेयी, सुनील मंगल, संजय मिश्रा, शिवम गुप्ता, संतोष कुमार, अनिल, मनोज सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में क्रीड़ा भारती के पदाधिकारियों ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा में प्रतिभाग करने तथा खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। ‘स्वस्थ भारत–समर्थ भारत’ और ‘खेल से चरित्र निर्माण, चरित्र से राष्ट्र निर्माण’ के संदेश के साथ चलाया जा रहा यह अभियान युवाओं को खेल, संस्कार और राष्ट्रभावना से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

 

Krida Bharati, Krida Gyan Pariksha, Sports Quiz, Sports Knowledge, Rahul Gupta, Rohit Gupta, Para Sports, Kanpur, Youth Development, Character Building, Nation Building, Sports Culture, Healthy India, Strong India

Leave a Comment