- नेशनल चेस चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी एलिस, रैपिड प्रतियोगिता में भी जीता स्वर्ण पदक
कानपुर, 11 मई।
उत्तर प्रदेश स्टेट चेस चैंपियनशिप 2026-27 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय रनर-अप रहीं तथा आगामी नेशनल चेस चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने जा रहीं कु० एलिस गोस्वामी को रविवार को महाराष्ट्र मण्डल भवन, खलासी लाइन में आयोजित रैपिड शतरंज प्रतियोगिता के दौरान सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन ब्रिलियंट माइंड चेस नेक्सस एकेडमी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर एलिस गोस्वामी को मेमेंटो प्रदान कर नेशनल चेस चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दी गईं। एलिस ने प्रतियोगिता में भी शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अंडर-07 गर्ल्स वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें गोल्ड मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का आयोजन प्रशांत पांडे, अभय त्रिपाठी एवं अर्चना त्रिपाठी के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में चीफ आर्बिटर के रूप में विकास निषाद तथा सहायक आर्बिटर के रूप में कमल खेमानी, ए.पी. सिंह एवं मोनू ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम का संचालन एवं एंकरिंग सुशील गोस्वामी ने की। कार्यक्रम के अंत में सभी आर्बिटर्स एवं मंच संचालक को भी मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
रविवार को आयोजित इस प्रतियोगिता में ओपन एवं बालिका वर्ग के कुल 14 वर्गों में 188 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में पांच राउंड खेले गए, जिसमें शहर के उभरते खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
ओपन वर्ग में अंडर-7 में अभिनंदन जायसवाल, अंडर-9 में वेदांश शर्मा, अंडर-11 में कृषिभ कनोडिया, अंडर-13 में आदित्य यादव, अंडर-15 में विनायक साहू, अंडर-17 में प्रांजल सिंह तथा अंडर-19 में लक्ष्य शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

वहीं बालिका वर्ग में अंडर-7 में एलिस गोस्वामी, अंडर-9 में अभिज्ञा तिवारी, अंडर-11 में माहिका रॉय, अंडर-13 में समृद्धि वर्मा, अंडर-15 में काश्वी गुप्ता, अंडर-17 में कृतिका पुरवार एवं अंडर-19 में आर्या गुप्ता ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि चौथे एवं पांचवें स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।