ऑक्सफोर्ड मॉडल बना इंटर स्कूल ताइक्वांडो चैंपियन

 

 

 

  • प्रथम इंटर स्कूल ताइक्वांडो चैंपियंस कप 2026 का भव्य समापन, 300 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दम

 

कानपुर, 11 मई 2026।

कानपुर ताइक्वांडो वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में तक्षशिला इंटरनेशनल स्कूल, जाजमऊ में आयोजित प्रथम इंटर स्कूल ताइक्वांडो चैंपियंस कप 2026 का भव्य समापन हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता 9 एवं 10 मई को आयोजित की गई, जिसे इंडियन ताइक्वांडो मास्टर यूनियन (ITMU) एवं उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन (UPTA) द्वारा प्रमोट किया गया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. रोहित सक्सेना, सदस्य रेल मंत्रालय भारत सरकार, कैंट विधायक रोमी हसन एवं तक्षशिला इंटरनेशनल ग्रुप के चेयरमैन अनिल चौरसिया ने संयुक्त रूप से किया।

स्कूल फ्रेशर टूर्नामेंट में ऑक्सफोर्ड मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। तक्षशिला इंटरनेशनल एजुकेशन सेंटर उपविजेता तथा एलन हाउस, रूमा तीसरे स्थान पर रहा।

टेक्निकल टूर्नामेंट के बालिका वर्ग में कानपुर ताइक्वांडो वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आई.टी.ए. इंडियन ताइक्वांडो एकेडमी दूसरे और महेंद्र ताइक्वांडो एकेडमी तीसरे स्थान पर रही। बालक वर्ग में इंडियन ताइक्वांडो एकेडमी विजेता बनी, जबकि कानपुर ताइक्वांडो वेलफेयर एसोसिएशन उपविजेता तथा सरस्वती विद्या मंदिर, राजमऊ तीसरे स्थान पर रहा।

मुख्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. रोहित सक्सेना ने कहा कि खेलों से अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित होती है, वहीं विधायक रोमी हसन ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एसोसिएशन के कार्यवाहक सचिव शैलेंद्र खरे ने बताया कि प्रतियोगिता में 300 से अधिक खिलाड़ियों ने क्योरुगी एवं पूमसे स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष नीरज सिंह, महासचिव मनीष शर्मा, कोषाध्यक्ष महेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, रेफरी, कोच एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Comment