- 29 स्कूलों के 145 खिलाड़ियों के बीच दो दिन तक चला बौद्धिक मुकाबला, हर मिलाप मिशन दूसरे और डीपीएस बर्रा तीसरे स्थान पर रहा
कानपुर, 7 मई।
दुर्गा प्रसाद विद्या निकेतन स्कूल, गुजैनी में आयोजित दो दिवसीय “केएसएस जोन ‘बी’ शतरंज प्रतियोगिता” का गुरुवार को शानदार समापन हुआ। प्रतियोगिता में सीबीएसई जोन ‘बी’ के 29 विद्यालयों के 145 बालक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी रणनीतिक क्षमता और बौद्धिक कौशल का प्रदर्शन किया।
दो दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में कुल पांच राउंड खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों के बीच बेहद रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए श्रीराम पब्लिक स्कूल, किदवई नगर की टीम ने 16 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। हर मिलाप मिशन स्कूल ने 15.5 अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि डीपीएस बर्रा की टीम 15 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
पांच राउंड तक चला रोमांचक मुकाबला
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने चाल, संयम और रणनीति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। हर राउंड के साथ मुकाबला और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक होता गया। अंतिम राउंड तक टीमों के बीच कड़ी टक्कर बनी रही, जिसके बाद विजेताओं का फैसला हुआ।
विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री ए.के. दुबे ‘पद्मेश’ एवं कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने विजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती ज्योत्सना मिश्रा ने विभिन्न बोर्ड के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इन खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में विभिन्न बोर्डों पर खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। बोर्ड-1 में मौलिक गुप्ता, बोर्ड-2 में शौर्य परिहार, बोर्ड-3 में अरनव सिंह, बोर्ड-4 में आस्तिक शुक्ला तथा बोर्ड-5 में शुभ पटेल ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सम्मान प्राप्त किया।
आयोजन में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस अवसर पर विद्यालय के प्रदीप अवस्थी, श्रीनाथ पांडे और अर्पित पाल सहित कई क्रीड़ा शिक्षक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का संचालन हिमानी सचदेवा ने किया। प्रतियोगिता की चीफ ऑर्बिटर कु. प्रशंसा वर्मा रहीं, जबकि सहायक ऑर्बिटर के रूप में कमल खेमानी, बाल गोविंद अवस्थी और जितेंद्र शर्मा ने जिम्मेदारी निभाई।
प्रतियोगिता परिणाम
टीम चैंपियनशिप
• प्रथम – श्रीराम पब्लिक स्कूल, किदवई नगर – 16 अंक
• द्वितीय – हर मिलाप मिशन स्कूल – 15.5 अंक
• तृतीय – डीपीएस बर्रा – 15 अंक
बोर्ड बेस्ट परफॉर्मर
• बोर्ड-1 : मौलिक गुप्ता
• बोर्ड-2 : शौर्य परिहार
• बोर्ड-3 : अरनव सिंह
• बोर्ड-4 : आस्तिक शुक्ला
• बोर्ड-5 : शुभ पटेल