- 19 स्कूलों के 95 खिलाड़ियों के बीच पांच राउंड तक चला रोमांचक मुकाबला
- श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर उपविजेता, श्री पदमपत सिंघानिया स्कूल तीसरे स्थान पर रहा
कानपुर, 24 जुलाई।
विन्यास पब्लिक स्कूल, तांतियागंज (मंधना) में आयोजित दो दिवसीय केएसएस अंतर-विद्यालयी जोन ‘ए’ सब जूनियर शतरंज प्रतियोगिता (बालक वर्ग, कक्षा 6 से 8) में पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 अंकों के साथ विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
प्रतियोगिता में सीबीएसई जोन ‘ए’ के 19 विद्यालयों के कुल 95 खिलाड़ियों ने भाग लिया। पांच राउंड तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्कूल ने पहला स्थान हासिल किया। श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर 8 अंकों के साथ दूसरे तथा श्री पदमपत सिंघानिया स्कूल भी 8 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
उत्कृष्ट खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वाले खिलाड़ियों में गार्डेनिया पब्लिक स्कूल के हर्षित शुक्ला, वुडवाइन गॉडिन्या स्कूल के राघव सचान, डीपीएस आजाद नगर के शिवांशु नायर, डीपीएस कल्याणपुर के आद्विक महेश्वरी तथा युगम इंटरनेशनल स्कूल के सार्थक कटियार शामिल रहे।
प्रधानाचार्या ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
पुरस्कार वितरण समारोह में निर्णायक मंडल के सदस्य दिलीप श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता की चीफ ऑर्बिटर रूपा शुक्ला रहीं। विन्यास पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या शायला वली ने निर्णायकों, विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के क्रीड़ा शिक्षक अरुण कुमार शर्मा, नारायण गौर और सौरभ गौर के नेतृत्व में प्रतियोगिता का सफल संचालन हुआ। वहीं विद्यालय के प्रबंधक वरुण कटियार ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।