केके शर्मा मेमोरियल यूपी स्टेट क्लोज्ड स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 का आगाज़, टीएसएच में दिखेगी प्रदेश भर की प्रतिभा

 

 

 

  • दो से चार जनवरी तक कानपुर के द स्पोर्ट्स हब में होंगे रोमांचक मुकाबले

 

 

कानपुर, 31 दिसंबर।

शहर के खेल प्रेमियों और स्क्वैश खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। कानपुर स्क्वैश रैकेट एसोसिएशन और द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) के संयुक्त तत्वावधान में स्वर्गीय केके शर्मा मेमोरियल यूपी स्टेट क्लोज्ड स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 2 से 4 जनवरी 2026 तक टीएसएच के अत्याधुनिक स्क्वैश कोर्ट्स पर आयोजित होगी।

नॉक-आउट प्रणाली में होंगे मुकाबले

आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया कि चैंपियनशिप का आयोजन नॉक-आउट प्रणाली के तहत किया जाएगा, जिससे प्रत्येक मुकाबला अत्यंत रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक होगा। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से चयनित और प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

इन वर्गों में होगी चैंपियनशिप

उत्तर प्रदेश स्क्वैश रैकेट एसोसिएशन के सचिव विनय पाण्डेय एवं कानपुर स्क्वैश रैकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न आयु एवं वर्गों की स्पर्धाएं शामिल होंगी, जिनमें बालक वर्ग: अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 पुरुष वर्ग और बालिका वर्ग होंगे।

प्रदेश के प्रमुख शहरों के खिलाड़ी लेंगे भाग

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में धामपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मथुरा, नोएडा, कानपुर, गाजियाबाद और आगरा सहित प्रदेश के कई प्रमुख शहरों के स्क्वैश खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। यह टूर्नामेंट उभरते खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा मंच साबित होगा।

राष्ट्रीय स्तर के निर्णायक करेंगे मुकाबलों का संचालन

प्रतियोगिता के निष्पक्ष और सुचारु संचालन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। टूर्नामेंट में मीरजापुर, देहरादून और प्रयागराज से आए राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी निर्णायकों की टीम द्वारा सभी मुकाबलों का संचालन किया जाएगा।

प्रदेश में स्क्वैश को नई ऊंचाई देने की पहल

टूर्नामेंट चेयरमैन एवं टीएसएच के सीईओ प्रणित अग्रवाल ने बताया कि यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश में स्क्वैश खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस चैंपियनशिप से खिलाड़ियों को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, बल्कि उनके प्रदर्शन के आधार पर रैंकिंग सुधार और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी में भी मदद मिलेगी।

Leave a Comment