जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में खेलवीर एफसी का दबदबा, सीनियर और जूनियर दोनों वर्गों का खिताब जीता

 

Call Now Advertisement

अधिक जानकारी के लिए विज्ञापन पर क्लिक करके हमसे सीधे कॉल पर संपर्क कर सकते हैं

 

 

  • पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष पर खेल भावना का भव्य उत्सव

 

कानपुर, 30 दिसंबर।

पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जिला खेल कार्यालय द्वारा सेंट लॉरेंस स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबलों के बीच सीनियर और जूनियर वर्ग के खिताबों का फैसला हुआ। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबलों में शानदार खेल का प्रदर्शन देखने को मिला।

विशिष्ट अतिथियों ने किया खेल का शुभारंभ

दूसरे दिन के खेल का शुभारंभ ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के राष्ट्रीय रेफरी लईक अहमद खान एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सब्बरवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। समापन अवसर पर दोनों अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए गए।

 

सीनियर वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले रहे बेहद रोमांचक

आयोजन सचिव कपिल पाण्डेय ने बताया कि सीनियर वर्ग का पहला सेमीफाइनल मुकाबला स्टेडियम एफसी एवं अल्फा स्ट्राइकर एफसी के बीच खेला गया, जिसमें स्टेडियम एफसी के प्रशांत ने शानदार गोल दागते हुए टीम को 1-0 से जीत दिलाकर फाइनल में पहुंचाया।

दूसरा सेमीफाइनल खेलवीर एफसी और यूनाइटेड एफसी के बीच खेला गया। मुकाबले में खेलवीर की ओर से अब्दुल्ला और आयुष ने गोल कर टीम को 2-0 से विजयी बनाते हुए फाइनल का टिकट कटाया।

यूनाइटेड एफसी ने हासिल किया तीसरा स्थान

सीनियर वर्ग में तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में यूनाइटेड एफसी ने अल्फा स्ट्राइकर एफसी को 1-0 से पराजित किया। यूनाइटेड एफसी की ओर से सुंदरम ने पहले हाफ में क्लासिकल गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जिसे अंत तक बनाए रखा गया।

जूनियर वर्ग में खेलवीर एफसी का शानदार प्रदर्शन

जूनियर वर्ग का फाइनल मुकाबला खेलवीर एफसी एवं स्टेडियम एफसी के बीच खेला गया। मुकाबले में बेहतरीन डिफेंस और आक्रमण देखने को मिला। खेलवीर की ओर से आदर्श ने तीन गोल एवं यशवेंद्र सिंह ने एक गोल किया, जबकि स्टेडियम एफसी की ओर से आनंद ने एक गोल दागा। इस प्रकार खेलवीर एफसी ने 4-1 से जीत दर्ज कर जूनियर वर्ग का खिताब अपने नाम किया।

सीनियर वर्ग के फाइनल में खेलवीर एफसी ने जमाया कब्जा

सीनियर वर्ग के फाइनल मुकाबले में खेलवीर एफसी एवं स्टेडियम एफसी आमने-सामने रहीं। संघर्षपूर्ण मुकाबले में खेलवीर की ओर से पीयूष ने दो गोल एवं अभिषेक निगम ने एक गोल किया। स्टेडियम एफसी की ओर से प्रशांत ने एक गोल कर अंतर कम करने का प्रयास किया, लेकिन खेलवीर एफसी ने 3-1 के स्कोर से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया।

निर्णायकों की भूमिका रही सराहनीय

प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक की भूमिका शिवम् शर्मा ‘टेनी’, अभिषेक गुप्ता एवं अंशुमान त्रिवेदी ने निभाई।

खेल प्रेमियों की रही उत्साहजनक मौजूदगी

इस अवसर पर डॉ. अश्वनी कुमार शुक्ल, उत्कर्ष बाजपेई, आनंद मोहन, विकास अवस्थी, कुष्मेश, शशिकांत एवं शिवानी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Comment