- महज एक साल में हासिल की बड़ी सफलता, शहर की पहली सब-यूथ महिला शूटर बनीं
कानपुर, 4 मई।
शहर की उभरती निशानेबाज लावण्या अरोड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कानपुर का नाम रोशन किया है। दिल्ली के डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 28 अप्रैल से 14 मई तक चल रही 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह शूटिंग प्रतियोगिता में लावण्या ने 600 में 542 अंक हासिल कर इंडिया टीम ट्रायल के लिए क्वालीफाई किया है। इसके साथ ही वह सब-यूथ कैटेगरी में इंडिया टीम ट्रायल खेलने वाली कानपुर की पहली महिला शूटर बन गई हैं।
एक साल में हासिल किया बड़ा मुकाम
लावण्या अरोड़ा ने यह उपलब्धि महज एक साल के अपने शूटिंग करियर में हासिल की है, जो उनकी मेहनत और समर्पण को दर्शाता है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच अमर निगम, अविरल निगम और अपने माता-पिता को दिया है, जो कानपुर में कल्याण-जी बेकरी का संचालन करते हैं।
कड़ी प्रतिस्पर्धा में बनाया स्थान
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 900 से 1000 महिला निशानेबाजों ने भाग लिया, जो सभी नेशनल स्तर पर क्वालीफाई कर चुकी थीं। ऐसे कठिन मुकाबले में लावण्या का चयन उनकी प्रतिभा को साबित करता है।
पुरुष वर्ग में भी कानपुर के खिलाड़ी तैयार
आगामी 10 से 14 मई तक होने वाले पुरुष वर्ग के इंडिया टीम ट्रायल में कानपुर से अविरल निगम, अंकित यादव और केशव सोनी हिस्सा लेंगे और अपनी जगह पक्की करने का प्रयास करेंगे।
अकादमी में उत्साह, नए खिलाड़ी तैयार
लावण्या की इस सफलता से द परफेक्ट राइफल शूटिंग अकादमी में खिलाड़ियों के बीच नया उत्साह देखने को मिल रहा है। आगामी प्रतिभागियों में शहनूर रहमान, इमरान खान, रुद्र प्रताप सिंह, उत्कर्ष वर्धन सिंह, कनिष्क श्रीवास्तव, तनिष्क श्रीवास्तव, रोहन कुमार, वात्सल्य त्रिपाठी, ओम गुप्ता, विनायक तथा महिला वर्ग में नंदिनी निगम, अंशिका यादव और खुशी शामिल हैं।
कोच और प्रबंधन ने जताया गर्व
अकादमी की ट्रेजरार शुभा निगम, डायरेक्टर मिनी सिंह तथा कोच व सेक्रेटरी अमर निगम और अविरल निगम ने लावण्या की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि खिलाड़ी भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर कानपुर और देश का नाम रोशन करेंगे।