राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप का भव्य समापन, आगरा बना चैंपियन

 

 

  • 63 जिलों के 900 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, गाजियाबाद और कानपुर रहे उपविजेता

 

 

कानपुर, 4 मई।

इंडिया ताइक्वांडो और उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो कमेटी के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप (महिला एवं पुरुष वर्ग) का ‘द स्पोर्ट्स’, कानपुर में भव्य समापन हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 63 जिलों की टीमों के करीब 900 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

चार आयु वर्गों में हुए मुकाबले, पैरा ताइक्वांडो बना आकर्षण

प्रतियोगिता सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्ग में आयोजित की गई। आयोजन का मुख्य आकर्षण पैरा ताइक्वांडो चैंपियनशिप रही, जिसमें विशेष खिलाड़ियों ने अपने जज्बे और कौशल से सभी को प्रभावित किया। विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

आगरा ने मारी बाजी, कानपुर तीसरे स्थान पर

कड़े मुकाबलों के बाद आगरा जिले ने सर्वाधिक पदक जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया। गाजियाबाद प्रथम उपविजेता और कानपुर द्वितीय उपविजेता रहा।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए टीम चयन

चैंपियनशिप के साथ ही उत्तर प्रदेश की टीम का चयन भी किया गया है, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द होगी। स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी मणिपुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों की तैयारी के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया जाएगा।

अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो कमेटी के चेयरमैन डॉ. रजत आदित्य दीक्षित, सचिव तुषार साहनी, प्रणीत अग्रवाल, अनूप शुक्ला और आर.के. गुप्ता ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

सफल आयोजन में इनका रहा योगदान

कार्यक्रम के सफल संचालन में संयोजक सतीश कुमार और मंच संचालक पारुल वाला तिवारी की अहम भूमिका रही। इस अवसर पर रजत सिंह गौर, पी.के. श्रीवास्तव, सुनील मंगल, अरविंद कुमार, अनूप कुमार और नीरज सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में विक्रांत शुक्ला, अभिषेक शुक्ला, नितिन तिवारी, अभिषेक सिंह और अश्विन को भी सम्मानित किया गया।

Leave a Comment