मेरठ में कानपुर के बैडमिंटन खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

 

 

  • सान्विका, शार्दूल और कंदर्प ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीते पदक

 

कानपुर, 5 सितंबर।

मेरठ के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 29 अगस्त से 2 सितंबर तक आयोजित Yonex Sunrise 2nd Sub-Junior UP State Major Tournament में कानपुर के युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम रोशन किया। अंडर-15 और अंडर-17 वर्गों की इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कानपुर के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक अपने नाम किए।

अंडर-15 बालिका एकल वर्ग में द चिंटल्स स्कूल की सान्विका गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। सान्विका ने बालिका युगल वर्ग में झांसी की आरुषि गर्ग के साथ जोड़ी बनाकर भी द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उनकी दोहरी सफलता ने कानपुर की महिला बैडमिंटन प्रतिभा को प्रदेश स्तर पर नई पहचान दिलाई।

वहीं अंडर-15 बालक एकल वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल, कल्याणपुर के शार्दूल खत्री ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस वर्ग में प्रदेशभर से 256 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा अंडर-15 बालक युगल वर्ग में शार्दूल खत्री और कंदर्प खत्री की जोड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस वर्ग में उत्तर प्रदेश की 64 टीमों ने प्रतिभाग किया।

कानपुर बैडमिंटन संघ ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि सान्विका गुप्ता, शार्दूल खत्री और कंदर्प खत्री की सफलता शहर में बैडमिंटन की मजबूत होती नई पीढ़ी का प्रमाण है। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ने उनके विद्यालयों, अभिभावकों और प्रशिक्षकों के साथ-साथ कानपुर बैडमिंटन संघ का भी गौरव बढ़ाया है।

संघ पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों, प्रशिक्षकों और विद्यालयों को बधाई देते हुए कहा कि कानपुर की युवा प्रतिभाएं लगातार State Level Tournaments में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी शहर का नाम रोशन करेंगी।

इस अवसर पर कानपुर बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष डॉ. ए.के. अग्रवाल, चेयरमैन मनोज पांडेय, उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, संदीप जैन और महीप सक्सेना, कार्यकारी सचिव आशुतोष सत्यम झा, सौरभ श्रीवास्तव और आशीष गौर ने खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों राहुल शुक्ला, रवि कुमार दीक्षित और मोहम्मद रूमान को शुभकामनाएं दीं।

 

 

Badminton, Kanpur Badminton Association, Sub-Junior UP State Major Tournament, Yonex Sunrise, Meerut Sports Complex, Sanvika Gupta, Shardul Khatri, Kandarp Khatri, Under-15 Badminton, UP State Badminton Tournament, Badminton Championship

Leave a Comment