- तीन मुकाबलों में बल्लेबाजों का दबदबा, लक्ष्य का पीछा करते हुए दो टीमों ने दर्ज की जीत
- ग्रेजुएट क्लब 179 रन से विजयी, आदर्श क्लब और केडीएमए ने भी हासिल की जीत
कानपुर, 16 अप्रैल।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन द्वारा आयोजित केडीएमए क्रिकेट लीग के अंतर्गत खेले गए मुकाबलों में बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। खास तौर पर ग्रेजुएट क्लब के बिलाल फिरोज और अब्दुल अतफ खान के शतकों ने टीम को एकतरफा जीत दिलाई।
पीएसी मैदान पर खेले गए मैच में ग्रेजुएट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवरों में 6 विकेट पर 310 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। बिलाल फिरोज ने 125 रन और अब्दुल अतफ खान ने 102 रन की बेहतरीन शतकीय पारियां खेलीं। शुभम यादव (27) और युवराज सिंह (25) ने भी योगदान दिया। विपक्षी गेंदबाज उत्तम पांडे ने 61 रन देकर 3 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी विपक्षी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। राहुल कुमार यादव (52) और अभिनव (38) के प्रयासों के बावजूद पूरी टीम लक्ष्य से काफी दूर रह गई। गेंदबाजी में तन्मय यादव, आदर्श पांडे, मयंक दुबे और शिवम शुक्ला ने महत्वपूर्ण विकेट लेकर टीम को 179 रन से शानदार जीत दिलाई।
एवरेस्ट मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में सर पदमपत सिंघानिया स्पोर्ट्स एकेडमी ने 247 रन बनाए। वंश निगम ने 119 रन बनाए। रविंद्र कुमार ने 4 विकेट चटकाए। जवाब में आदर्श क्लब ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 34 ओवर में 3 विकेट खोकर 251 रन बनाकर 7 विकेट से जीत दर्ज की। राहुल कुमार (54) और राज कुशवाहा (54) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं और टीम की जीत सुनिश्चित की।
कानपुर साउथ-ए मैदान पर खेले गए तीसरे मुकाबले में कानपुर साउथ ने 227 रन बनाए, जिसमें रौनक सिंह ने नाबाद 82 रन की पारी खेली। जवाब में केडीएमए की टीम ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में 39.2 ओवर में 4 विकेट पर 230 रन बनाकर 2 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की। सतनाम सिंह ने नाबाद 66, ऋषभ मिश्रा ने 41 और सुधांशु चौरसिया ने 39 रन बनाए।