- आरपीसीए मैदान पर एंजेल वूमैन ने 10 विकेट से जीता मुकाबला, पीएसी मैदान में बी०सी०ए० क्लब 7 विकेट से विजयी
कानपुर, 25 मई।
Kanpur Cricket Association द्वारा आयोजित के०डी०एम०ए० क्रिकेट लीग के अंतर्गत सोमवार को खेले गए दो मुकाबलों में एंजेल वूमैन एवं बी०सी०ए० क्लब ने शानदार जीत दर्ज की। एंजेल वूमैन टीम ने लगातार सातवीं जीत हासिल कर अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी।
आरपीसीए मैदान पर खेले गए मुकाबले में प्रतिद्वंदी टीम 25.1 ओवर में मात्र 98 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से प्रियांशु मुख्या ने 18 रन बनाए। एंजेल वूमैन की गेंदबाजी में सिद्धी मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एंजेल वूमैन ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए बिना कोई विकेट खोए 13 ओवर में 101 रन बनाकर मुकाबला 10 विकेट से अपने नाम कर लिया। नव्या ने 50 रन एवं पूर्वा प्रजापति सिंह ने 39 रन की नाबाद पारी खेली।
दूसरा मुकाबला पीएसी मैदान पर ग्रेजुएट क्लब और बी०सी०ए० क्लब के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ग्रेजुएट क्लब की टीम 39.5 ओवर में 266 रन पर ऑलआउट हो गई। अब्दुल अतफ ने 63, देवांश श्रीवास्तव ने 56, तनिष्क ने 39, शिवम शर्मा ने 32 तथा बिलाल फिरोज ने 29 रन का योगदान दिया। बी०सी०ए० क्लब की ओर से राघव रतन ने 32 रन देकर 4 विकेट एवं बलराज सिंह ने 18 रन देकर 2 विकेट लिए।
जवाब में बी०सी०ए० क्लब ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 34.4 ओवर में 3 विकेट पर 269 रन बनाकर मैच 7 विकेट से जीत लिया। टीम की ओर से प्रीत गाटी ने नाबाद 71 रन, फरदीन अली ने 36 एवं ब्रजेश ने 54 रन की उपयोगी पारी खेली। ग्रेजुएट क्लब के लिए शुभम यादव और हेमंत अवस्थी को 1-1 विकेट मिला।