- कैंटोनमेंट बोर्ड सिल्वर ओक स्कूल के बच्चों ने दिया फिटनेस और खेल का संदेश
कानपुर, 27 अगस्त।
राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर 27 अगस्त को कैंटोनमेंट बोर्ड सिल्वर ओक स्कूल, काकोरी में फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन किया गया। विद्यालय के बच्चों और खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए लोगों को नियमित खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक किया।

मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देकर शुरू हुई दौड़
कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के जादूगर स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय परिसर से पीएसी मोड़ा होते हुए गंगागंज तक फिट इंडिया फ्रीडम रन निकाली गई। बच्चों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर खेल एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
‘मोबाइल से नाता तोड़ो, मैदान और खेल से नाता जोड़ो’ का दिया संदेश
रन के दौरान बच्चों और खिलाड़ियों ने “मोबाइल से नाता तोड़ो, मैदान और खेल से नाता जोड़ो” और “फिट इंडिया, हिट इंडिया” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
बच्चों ने संदेश दिया कि राष्ट्रीय खेल दिवस केवल एक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि इस अवसर पर सभी लोग अपने परिवार और साथियों के साथ मैदान में खेलकर नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाएं। इससे स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा मिलेगा।
विद्यालय स्टाफ ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अनीता गुप्ता के साथ अंजू देवी, स्नेहा यादव, सीमा दीक्षित, आशा मिजलानी, कीर्ति सिंह, सुमित यादव, अमित यादव, मनोज कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन खेल प्रशिक्षक सत्येंद्र सिंह यादव ने किया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।