- अंडर-19 प्रदेशीय विद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता में अयोध्या मंडल को 71 रन से हराया, अर्चित ने 42 रन बनाने के साथ झटके दो विकेट
कानपुर, 28 अक्टूबर।
प्रदेशीय विद्यालयीय अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में कानपुर मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अयोध्या मंडल को 71 रन से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। टीम की जीत में अर्चित बनोधिया ने बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया। उन्होंने 42 रन की नाबाद पारी (रिटायर्ड हर्ट) खेलने के साथ दो विकेट भी हासिल किए। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। तुषार पॉल और शक्ति सिंह ने भी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कानपुर मंडल ने बनाए 119 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर मंडल ने निर्धारित 15 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाए। तुषार पॉल ने 37 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि अर्चित बनोधिया ने 42 रन बनाए। राहुल यादव ने नाबाद 18 रन का योगदान देकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
48 रन पर सिमटी अयोध्या मंडल की टीम
120 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अयोध्या मंडल की टीम कानपुर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 10.2 ओवर में महज 48 रन पर सिमट गई। अयोध्या की ओर से आदित्य ने सर्वाधिक 12 रन बनाए। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका।
कानपुर मंडल की ओर से शक्ति सिंह ने तीन विकेट झटके, जबकि अर्चित बनोधिया और यथार्थ नागवंशी ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी टीम की पारी समेटने में अहम भूमिका निभाई।
खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
मैच के दौरान अनुराग मिश्रा, सर्वेश तिवारी, सत्य प्रकाश तिवारी, नीरज मिश्रा, संजय तिवारी, ब्रजेश अवस्थी, आशीष सिंह, अल्का द्विवेदी, शकील अंसारी और दया शंकर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कानपुर मंडल की इस जीत से टीम ने प्रतियोगिता के अगले दौर में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।