- इंटर एकेडमी लीग से चयनित 30 खिलाड़ियों को तकनीकी कमियां सुधारने के दिए गए सुझाव, फरवरी 2027 में लगेगा अगला कैंप
कानपुर, 28 अक्टूबर।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रथम सुनील तिवारी अंडर-13 इंटर एकेडमी लीग से चयनित 30 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का कैंप बुधवार को एचबीटीयू वेस्ट कैंपस, चिड़ियाघर रोड स्थित मैदान पर संपन्न हुआ। कैंप में खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीकी दक्षता और खेल कौशल का आकलन किया गया।
फिटनेस से लेकर बल्लेबाजी-गेंदबाजी तक का आकलन
मुख्य कोच डॉ. विकास यादव और सहायक कोच दिनेश कुमार ने खिलाड़ियों की फिटनेस, स्ट्रेचिंग, कैचिंग, मैदानी क्षेत्ररक्षण, बल्लेबाजी और गेंदबाजी का बारीकी से आकलन किया। नेट्स पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन को परखते हुए उनकी तकनीकी कमियों की जानकारी दी गई। साथ ही, खिलाड़ियों को अपनी-अपनी एकेडमी में अभ्यास के दौरान इन कमियों को दूर करने और खेल में सुधार के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए।
फरवरी में लगेगा अगला कैंप
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव दिनेश कटियार ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और कौशल विकास के लिए अगला कैंप फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा।