- जयपुर में आयोजित 46वीं एनटीपीसी जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का किया प्रतिनिधित्व
- इंडियन राउंड की मिक्स टीम स्पर्धा में हासिल किया रजत पदक, प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भी जीता था स्वर्ण पदक
कानपुर, 27 अक्टूबर।
यूथ आर्चरी एकेडमी की प्रतिभाशाली तीरंदाज रतनम दीक्षित ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कानपुर का नाम रोशन किया है। जयपुर में 21 से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 46वीं एनटीपीसी जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता में रतनम ने इंडियन राउंड की मिक्स टीम स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उन्होंने इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।
प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में गोल्ड जीतकर बनाई थी जगह
रतनम दीक्षित ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले बाराबंकी में आयोजित प्रदेश स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता था। इसी उपलब्धि के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर उन्होंने अपनी मेहनत और खेल कौशल को साबित किया है।
जिला तीरंदाजी संघ ने दी बधाई
रतनम की इस उपलब्धि पर जिला तीरंदाजी संघ, कानपुर नगर के अध्यक्ष श्रेयांश कपूर, महासचिव राजा भरत अवस्थी, संयुक्त सचिव संदीप कुमार पासवान और कोच शिवाश्ररे जी ने प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने रतनम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उनकी इस सफलता को कानपुर में तीरंदाजी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।