हरमिलाप, श्रीराम पनकी, पूर्णचंद्र और सुघर सिंह ने अगले दौर में किया प्रवेश

 

 

  • केएसएस अंतरविद्यालयीय खो-खो प्रतियोगिता का दून इंटरनेशनल स्कूल में शुभारंभ
  • 31 विद्यालयों की टीमें ले रहीं हिस्सा, पहले दिन खेले गए 12 मुकाबले

 

कानपुर, 27 अक्टूबर।

रतनलाल नगर स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार को केएसएस अंतरविद्यालयीय खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। आईपीएस दीपेंद्र नाथ चौधरी ने विद्यालय के निदेशक सरदार अमरप्रीत सिंह, प्रबंधक सरदार हर्षप्रीत सिंह, प्राचार्या डॉ. कृष्णा चौहान, उप प्राचार्या मोनिका जॉन और हेडमिस्ट्रेस पूजा कपूर के साथ गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में कानपुर के सीबीएसई से संबद्ध 31 विद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। नॉकआउट आधार पर आयोजित प्रतियोगिता के पहले दिन 12 मुकाबले खेले गए।

हरमिलाप मिशन स्कूल ने एक पारी और 14 अंकों से जीता मुकाबला

पहले मुकाबले में हरमिलाप मिशन स्कूल ने तक्षशिला इंटरनेशनल स्कूल को एक पारी और 14 अंकों से पराजित किया। पूर्णचंद्र विद्या निकेतन ने वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन, किदवई नगर को एक पारी और दो अंकों से हराया। वहीं, श्रीराम एजुकेशन सेंटर, पनकी ने दुर्गा प्रसाद विद्या निकेतन को एक पारी और दो अंकों से शिकस्त दी। सुघर सिंह एकेडमी, कोयला नगर ने पृथ्वीराज चौहान स्कूल को एक पारी और छह अंकों से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

अन्य मुकाबलों में भी टीमों ने दिखाया दमखम

पहले दिन के अन्य मुकाबलों में सीएचएस गुरुकुलम ने रामलखन भट्ट को तीन अंकों से, आरके एजुकेशन सेंटर ने सुघर सिंह एकेडमी को सात अंकों से और यूही पब्लिक स्कूल ने स्कोमिया एकेडमी को पांच अंकों से हराया। सुभाष पब्लिक स्कूल ने डीपीएस बर्रा को एक अंक, गजेस वर्ल्ड स्कूल ने ऑक्सफोर्ड मॉडल स्कूल को एक अंक और माउंट लिटेरा जी स्कूल ने जेएलटी एजुकेशन सेंटर को दो अंकों से पराजित किया।

इसके अलावा न्यू किंग्स्टन हायर सेकेंडरी स्कूल ने ऑक्सफोर्ड मॉडल स्कूल, श्याम नगर को दो अंकों से, जबकि आर्चीज हायर सेकेंडरी स्कूल ने गुलमोहर पब्लिक स्कूल को एक अंक से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

तीन विद्यालयों को मिला वॉकओवर

एलन हाउस, पनकी, वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन, श्याम नगर और जेडी एजुकेशन सेंटर को प्रतिद्वंद्वी टीमों के नहीं पहुंचने के कारण वॉकओवर मिला। प्रतियोगिता के दूसरे दौर के मुकाबले बुधवार सुबह आठ बजे से खेले जाएंगे।

इस अवसर पर कानपुर खो-खो एसोसिएशन के संरक्षक रणवीर सिंह मलिक, उपाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा, रेफरी बोर्ड के चेयरमैन रामजी प्रजापति, मुनेंद्र कुशवाहा, शिशुपाल सिंह और कशिश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment