- वरिष्ठ खेल प्रशासक की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
कानपुर, 27 अगस्त।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन, कानपुर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ खेल प्रशासक स्वर्गीय श्री कैलाश नाथ तिवारी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन SAF मैदान पर किया गया। सभा की अध्यक्षता जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री विजय देवगन ने की।
खेल एवं खिलाड़ियों के विकास में रहा महत्वपूर्ण योगदान
श्रद्धांजलि सभा में कानपुर ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव डॉ. रजत आदित्य दीक्षित, जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव डॉ. नरेश चौधरी, श्री दिनेश भदौरिया, श्री रमेश मिश्रा, उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव श्री राजेश सिंह, श्री विनय अवस्थी, वेटरन खिलाड़ी श्री संजय सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं खेल जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वर्गीय श्री के.एन. तिवारी के पुत्र श्री संदीप तिवारी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपस्थित खेल पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने श्री कैलाश नाथ तिवारी के साथ बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए खेल क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि श्री तिवारी ने खेल एवं खिलाड़ियों के विकास के लिए पूरी निष्ठा, कर्मठता और समर्पण के साथ कार्य किया। खेल प्रशासन में उनकी सक्रिय भूमिका और खिलाड़ियों के प्रति उनका सहयोग सदैव स्मरणीय रहेगा।
सादगी और समर्पण को किया याद
वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय श्री कैलाश नाथ तिवारी की सादगी, ईमानदारी, निष्ठा और कर्मठता उन्हें विशिष्ट बनाती थी। उन्होंने अपने लंबे कार्यकाल में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उपस्थित लोगों ने कहा कि खेल जगत में उनके योगदान और सेवाओं को आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।
सभी उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय श्री तिवारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
90 वर्ष की आयु में हुआ निधन
स्वर्गीय श्री कैलाश नाथ तिवारी का जन्म 06 फरवरी 1936 को हुआ था और 25 अगस्त 2026 को उनका निधन हुआ। खेल प्रशासन एवं एथलेटिक्स के क्षेत्र में उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाता रहेगा।