कानपुर, 27 अगस्त।
यू पी T20 लीग के आगामी रोमांच को लेकर आयोजित Trophy Tour बुधवार को शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पहुंचा। ट्रॉफी के साथ पहुंचे खिलाड़ियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें क्रिकेट की बारीकियों, खेल के अनुभव और प्रतियोगी क्रिकेट की चुनौतियों से अवगत कराया।

एसजीएम इंटर कॉलेज से शुरू हुआ ट्रॉफी टूर
ट्रॉफी टूर की शुरुआत एसजीएम इंटर कॉलेज, इंदिरा नगर से हुई। यहां मेरठ मैवरिक्स के खिलाड़ी रितुराज शर्मा ने टीम का प्रतिनिधित्व किया और विद्यार्थियों के साथ क्रिकेट को लेकर संवाद किया। इसके बाद ट्रॉफी वीरेंद्र स्वरूप स्कूल, कल्याणपुर पहुंची।

केडीएमए इंटरनेशनल स्कूल में खिलाड़ियों ने साझा किए अनुभव
इसके बाद ट्रॉफी केडीएमए इंटरनेशनल स्कूल, बर्रा पहुंची। यहां खिलाड़ियों स्वास्तिक चिकारा और कार्तिक त्यागी ने उपस्थित स्कूली बच्चों के साथ अपने क्रिकेट अनुभव साझा किए। खिलाड़ियों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें खेल के प्रति समर्पण और अनुशासन का संदेश दिया।
यू पी किराना में बच्चों का बढ़ाया उत्साह
ट्रॉफी टूर का अगला पड़ाव यू पी किराना रहा। यहां यश गर्ग और विशाल चौधरी ने बच्चों से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों ने विद्यार्थियों को खेल में निरंतर अभ्यास और मेहनत के महत्व के बारे में बताया।
एक्सिस कॉलेज में इंजीनियरिंग छात्रों से संवाद
ट्रॉफी टूर के अंतिम पड़ाव के रूप में ट्रॉफी एक्सिस कॉलेज, रूमा पहुंची। यहां इंजीनियरिंग के छात्रों ने खिलाड़ियों से मुलाकात की। यश गर्ग और विशाल चौधरी ने छात्रों को क्रिकेट की बारीकियों के साथ-साथ मैदान पर रणनीति और खेल के अनुभवों की जानकारी दी।
इस पूरे Trophy Tour के दौरान खिलाड़ियों के साथ कृष्ण कुमार दुबे एवं सौरभ श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। ट्रॉफी टूर के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट से जुड़े अनुभव साझा किए।