- 120 किग्रा भारवर्ग में 535 किग्रा वजन उठाकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
- लगातार चौथी बार Civil Services National Championship में बनाएंगे जगह
गाजियाबाद/कानपुर, 26 अगस्त।
अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए राज्य स्तरीय चयन/ट्रायल 24 एवं 25 अगस्त को महामाया स्टेडियम, गाजियाबाद में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों से करीब 48 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसमें सेवायोजन विभाग, उत्तर प्रदेश के मनीष मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 120 किलोग्राम भारवर्ग में कुल 535 किलोग्राम वजन उठाकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना चयन पक्का किया।

मनीष मिश्रा की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने लगातार चौथी बार अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के राष्ट्रीय स्तर के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन दिसंबर में प्रस्तावित है।

कोच राहुल कुमार शुक्ला को दिया सफलता का श्रेय
मनीष मिश्रा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच राहुल कुमार शुक्ला को देते हुए कहा कि नियमित प्रशिक्षण, अनुशासन और मार्गदर्शन ने उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करने का प्रयास रहेगा।
विभागीय अधिकारियों और खेल जगत ने दी बधाई
मनीष की इस उपलब्धि पर असिस्टेंट डायरेक्टर (सेवायोजन) उज्जवल कुमार सिंह, दक्षिणेश्वर बाल हनुमान मंदिर के महंत अरविन्द कुमार शुक्ला, जिला सेवायोजन अधिकारी निधि वर्मा, कानपुर पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव सौरभ गौर सहित अन्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। सभी ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन को गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।