- प्रयागराज में 28-29 अगस्त को होगी 13वीं सीनियर एवं 10वीं सब-जूनियर स्टेट चैंपियनशिप
कानपुर, 26 अगस्त।
उत्तर प्रदेश बॉल बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में 28 एवं 29 अगस्त को प्रयागराज के न्यू एपेक्स आईटीआई कॉलेज, नैनी स्थित बॉल बैडमिंटन ग्राउंड में 13वीं सीनियर स्टेट एवं 10वीं सब-जूनियर स्टेट बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में कानपुर जनपद की बालक एवं बालिका टीमें भी प्रतिभाग करेंगी।
शैलेश कुमार और प्रतिक्षा सोनकर संभालेंगी कप्तानीq
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए कानपुर की टीमों का चयन किया गया है। बालक वर्ग की टीम की कमान सीनियर खिलाड़ी शैलेश कुमार, जबकि बालिका वर्ग की टीम का नेतृत्व प्रतिक्षा सोनकर करेंगी। दोनों टीमें प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर कानपुर का नाम रोशन करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगी।
प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों की टीमें हिस्सा लेंगी। ऐसे में खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करने के साथ ही मजबूत टीमों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा।
बेहतर प्रदर्शन पर राष्ट्रीय टीम में जगह का मौका
उत्तर प्रदेश बॉल बैडमिंटन एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कौशल दीक्षित ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कानपुर के खिलाड़ियों में प्रतिभा और खेल के प्रति उत्साह की कोई कमी नहीं है। उम्मीद है कि बालक एवं बालिका दोनों टीमें प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करेंगी।
उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को 72वीं सीनियर नेशनल बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 28 सितंबर 2026 तक तिरुपति में प्रस्तावित है।
खेल के साथ रोजगार के अवसर भी
कौशल दीक्षित ने कहा कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उच्च स्तर पर पहचान बनाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि बॉल बैडमिंटन को भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय से मान्यता प्राप्त खेलों में शामिल किया गया है। इसके अलावा यह केंद्र सरकार की खेल कोटा आधारित नौकरियों के लिए मान्यता प्राप्त खेलों में भी शामिल है। ऐसे में खिलाड़ियों के लिए खेल के साथ रोजगार के क्षेत्र में भी बेहतर संभावनाएं बनती हैं।
कानपुर की दोनों टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर स्थान बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगी। खेल प्रेमियों, अभिभावकों और खेल संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।