- 13 विद्यालयों के करीब 70 छात्र-छात्राओं ने दिखाया योग कौशल, अनुशासन और संतुलन का शानदार प्रदर्शन
- जीडी गोयनका स्कूल में हुआ भव्य आयोजन, विजेता खिलाड़ियों और विद्यालयों को किया गया सम्मानित
कानपुर, 24 जुलाई।
जीडी गोयनका स्कूल, कानपुर में शुक्रवार को केएसएस योगा चैंपियनशिप-2026 (बालक एवं बालिका वर्ग) का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 13 विद्यालयों के करीब 70 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग के विभिन्न आसनों के माध्यम से अनुशासन, एकाग्रता, लचीलापन तथा शारीरिक-मानसिक संतुलन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ श्रीमती मोनिका दत्त एवं कानपुर योगासन संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला।

बालक वर्ग में गार्डेनिया, बालिका वर्ग में द चिन्टेल्स स्कूल रहा अव्वल
प्रतियोगिता के ओवरऑल परिणामों में बालक वर्ग में गार्डेनिया पब्लिक स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। दिल्ली पब्लिक स्कूल, बर्रा दूसरे स्थान पर रहा, जबकि मंटोरा पब्लिक स्कूल और द चिन्टेल्स स्कूल संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।

वहीं बालिका वर्ग में द चिन्टेल्स स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। गार्डेनिया पब्लिक स्कूल दूसरे स्थान पर रहा, जबकि सर पदमपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर और श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
प्रतियोगिता के विभिन्न आयु एवं कक्षा वर्गों में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में यशवर्धन (गार्डेनिया पब्लिक स्कूल), आरोश यादव (डीपीएस बर्रा) और राज (मंटोरा पब्लिक स्कूल) ने अपने-अपने वर्गों में शीर्ष स्थान हासिल किया।
बालिका वर्ग में शिवांगी मिश्रा (गार्डेनिया पब्लिक स्कूल), दिव्यांशी पाल (द चिन्टेल्स स्कूल) तथा भाव्या दीक्षित (द चिन्टेल्स स्कूल) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने वर्गों में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया।
योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का दिया संदेश
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक एम. दत्त रहे। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अधिक से अधिक सदस्य विद्यालयों के विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।