- फाइनल में स्काई क्लब को 76 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा, सुमित वशिष्ठ बने मैन ऑफ द मैच
कानपुर, 13 मई।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध एवं सदर्न क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित द्वितीय सैमुअल बाली एण्ड बक्को देवी क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में रोलैण्ड क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्काई क्लब को 76 रनों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। मुकाबला आर०पी०सी०ए० मैदान पर खेला गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए रोलैण्ड क्लब की टीम 33.3 ओवरों में 178 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से मनीष वर्मा ने शानदार 50 रनों की पारी खेली, जबकि सौरभ मिश्रा ने 33, गोपाल सिंह ने 23 तथा विजय वर्मा ने 20 रन बनाए। स्काई क्लब की ओर से अंकित माधव गुप्ता ने 47 रन देकर 4 विकेट तथा अंकित सचान ने 33 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
जवाब में स्काई क्लब की पूरी टीम 25.5 ओवरों में 102 रन पर सिमट गई। वीर सिंह ने नाबाद 28 रन बनाए। रोलैण्ड क्लब के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्काई क्लब की बल्लेबाजी को संभलने का मौका नहीं दिया। सुमित वशिष्ठ ने घातक गेंदबाजी करते हुए 17 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि सात्विक शर्मा ने 19 रन देकर 3 तथा आर्यन दिवाकर ने 29 रन देकर 2 विकेट प्राप्त किए।
शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए सुमित वशिष्ठ को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
फाइनल मैच के उपरांत मुख्य अतिथि हिमांशु प्रधान ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार गणेश वर्मा को, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार अगृत सचान को तथा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार भी अगृत सचान को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर कौशल कुमार सिंह, पी०आर०ए० नेगी, अन्नु शुक्ला, राजेश कटियार एवं महेश पाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।