- सेमीफाइनल में रोलैण्ड ने नेशनल क्लब को छह विकेट से हराया, एमयूसी ने स्पोर्टिंग यूनियन पर 10 रन से दर्ज की जीत
कानपुर, 12 नवम्बर।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से आबद्ध स्पोर्टिंग यूनियन क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित सत्यवीर गुप्ता स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले कानपुर साउथ, किदवई नगर में खेले गए। इनमें जीत दर्ज कर रोलैण्ड क्लब और एमयूसी क्लब ने फाइनल में प्रवेश किया।
सौरभ मिश्रा की आतिशी पारी से रोलैण्ड क्लब जीता
पहले सेमीफाइनल में नेशनल क्लब की टीम 10 ओवर में 93 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सुनील कनौजिया और सचिन निषाद ने 23-23 रन बनाए। रोलैण्ड क्लब की ओर से फरजान अली ने तीन, अर्थव गुप्ता और सात्विक शर्मा ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रोलैण्ड क्लब ने चार ओवर में चार विकेट खोकर 94 रन बनाते हुए छह विकेट से मुकाबला जीत लिया। सौरभ मिश्रा ने 42 रन की शानदार पारी खेली, जबकि आदित्य राज 18 रन बनाकर नाबाद रहे। पुनीत कुमार ने दो विकेट लिए। सौरभ मिश्रा को Player of the Match चुना गया।
राहुल सिंह के प्रदर्शन से एमयूसी फाइनल में
दूसरे सेमीफाइनल में एमयूसी क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 141 रन बनाए। सजल तिवारी ने 28, राहुल सिंह ने 27 और विराट शुक्ला ने नाबाद 26 रन का योगदान दिया। स्पोर्टिंग यूनियन की ओर से नितिन तिवारी ने दो और गौरव मल ने एक विकेट लिया।
जवाब में स्पोर्टिंग यूनियन की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 131 रन ही बना सकी। अक्षत अवस्थी ने 36 और देवांश गुप्ता ने 29 रन बनाए। एमयूसी की ओर से सुधीर कुमार और ओमकार शर्मा ने दो-दो विकेट हासिल किए। एमयूसी क्लब ने 10 रन से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। राहुल सिंह को Player of the Match चुना गया।