कानपुर का उभरता क्रिकेट सितारा: 14 साल के उदित श्रीवास्तव के बल्ले से बरस रहे रन

 

 

  • सिर्फ छह महीने में शानदार प्रदर्शन से बनाई पहचान, तकनीक और टेम्परामेंट में दिखती है परिपक्वता
  • फॉर्मर रणजी क्रिकेटर और कोच नरेंद्र सिंह के सात-आठ साल के मार्गदर्शन ने तराशा हुनर

 

कानपुर, 12 नवंबर।

क्रिकेट की दुनिया में प्रतिभाएं किसी उम्र की मोहताज नहीं होतीं। जरूरत होती है सही मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और मैदान पर खुद को साबित करने के जज्बे की। कानपुर की क्रिकेट नर्सरी से समय-समय पर कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकले हैं, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से अलग पहचान बनाई है। इसी कड़ी में अब 14 वर्षीय उदित श्रीवास्तव का नाम तेजी से उभर रहा है। कम उम्र में ही उदित ने अपने बल्ले से जिस निरंतरता और आत्मविश्वास का परिचय दिया है, उसने क्रिकेट के जानकारों का ध्यान अपनी ओर खींचा है और उम्मीद है कि होल्ड ही वह स्टेट केवल पर अपनी प्रतिभा का रंग बिखेरते नजर आएंगे।

पिछले छह महीनों में उदित ने विभिन्न आयु वर्गों और प्रतियोगिताओं में लगातार रन बनाकर अपनी बल्लेबाजी की छाप छोड़ी है। उनकी बल्लेबाजी में सबसे खास बात है मजबूत तकनीक (Solid Batting Technique), गेंद को समझने की क्षमता और जबरदस्त टेम्परामेंट। छोटी उम्र के बावजूद क्रीज पर उनका धैर्य और परिस्थितियों के अनुरूप खेलने का अंदाज उनकी परिपक्वता को दर्शाता है। वह सिर्फ रन बनाने के लिए नहीं खेलते, बल्कि पारी को समझकर आगे बढ़ाने की क्षमता भी दिखा रहे हैं।

छह महीने में लगातार दमदार प्रदर्शन

उदित के हालिया प्रदर्शन पर नजर डालें तो उनकी निरंतरता साफ दिखाई देती है। केसीए (कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन) के अंडर-14 डीबा नसीब टूर्नामेंट में उन्होंने सेमीफाइनल में 60 रन और फाइनल में 70 रन की शानदार पारियां खेलीं। नॉकआउट मुकाबलों में लगातार दो अर्धशतक लगाना उनके आत्मविश्वास और दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता का प्रमाण है।

वर्तमान में चल रहे अंडर-14 चयन मुकाबलों में भी उदित ने अपनी उपयोगिता साबित करते हुए 32 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, केसीए लीग में प्रिंस क्लब की ओर से खेलते हुए वैदिक यूनियन के खिलाफ 32 रन बनाए। इसके बाद आज खेले गए केसीए लीग मुकाबले में केसीसी क्लब के विरुद्ध 61 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी क्षमता का परिचय दिया।

इन पारियों की खासियत केवल इनके स्कोर में नहीं, बल्कि उस निरंतरता में है, जिसके साथ उदित अलग-अलग प्रतियोगिताओं और मुकाबलों में खुद को साबित कर रहे हैं। आयु वर्ग क्रिकेट से लेकर क्लब लीग तक उनका प्रदर्शन बताता है कि वह अपनी बल्लेबाजी को लगातार बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

सात-आठ साल की मेहनत ने तराशा हुनर

उदित की इस सफलता के पीछे उनकी व्यक्तिगत मेहनत के साथ एक ऐसे मार्गदर्शक का योगदान भी है, जिसने बचपन से ही उनकी प्रतिभा को पहचाना और उसे तराशने में लंबा समय लगाया। फॉर्मर रणजी क्रिकेटर और कोच नरेंद्र सिंह पिछले सात-आठ वर्षों से उदित को क्रिकेट की बारीकियां सिखा रहे हैं। उन्होंने उदित की बल्लेबाजी की बुनियादी तकनीक से लेकर क्रीज पर संयम, शॉट चयन, फुटवर्क और मैच की परिस्थितियों को समझने तक हर पहलू पर लगातार काम किया है।

नरेंद्र सिंह ने उदित को केवल क्रिकेट के शॉट खेलना ही नहीं सिखाया, बल्कि खेल की एबीसीडी समझाने से लेकर एक बेहतर बल्लेबाज बनने की प्रक्रिया में लगातार उनका मार्गदर्शन किया है। नियमित क्रिकेट सेशन, अनुशासित अभ्यास और तकनीक पर बारीकी से काम करने का ही परिणाम है कि आज उदित की बल्लेबाजी में निखार साफ नजर आता है।

किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए प्रतिभा की पहचान होना जितना जरूरी है, उससे कहीं अधिक जरूरी उस प्रतिभा को सही दिशा देना है। उदित के मामले में नरेंद्र सिंह का लंबा मार्गदर्शन इसी भूमिका को रेखांकित करता है। सात-आठ वर्षों की यह मेहनत अब मैदान पर उनकी पारियों के रूप में दिखाई देने लगी है।

अभी शुरुआत है, मंजिल काफी आगे है

14 वर्ष की उम्र में उदित ने जिस तरह रन बनाने की आदत विकसित की है, वह उनके उज्ज्वल क्रिकेट भविष्य की उम्मीद जगाती है। हालांकि, क्रिकेट में किसी भी खिलाड़ी का वास्तविक मूल्यांकन उसकी निरंतरता, कठिन परिस्थितियों में प्रदर्शन और उच्च स्तर पर खुद को साबित करने की क्षमता से होता है। उदित के सामने अभी लंबा सफर है, लेकिन उनकी मौजूदा बल्लेबाजी, तकनीक और खेल के प्रति समर्पण सकारात्मक संकेत दे रहे हैं।

कानपुर को हमेशा से क्रिकेट प्रतिभाओं की धरती माना जाता रहा है। अब उदित श्रीवास्तव भी उसी परंपरा की एक नई कड़ी बनने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। उनके बल्ले से निकल रही लगातार रन की धार और नरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में जारी उनकी क्रिकेट यात्रा आने वाले समय में उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।

Leave a Comment