द परफेक्ट राइफल शूटिंग अकादमी के 21 निशानेबाज नेशनल्स के लिए चयनित

 

 

  • 35वीं जीवी मावलंकर पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप में अकादमी के पांच खिलाड़ियों ने हासिल की सफलता
  • कानपुर के शूटिंग इतिहास में पहली बार एक ही अकादमी के 21 निशानेबाजों को मिला नेशनल्स में खेलने का मौका

 

कानपुर, 13 नवंबर।

देहरादून में हाल ही में संपन्न हुई 35वीं जीवी मावलंकर पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप में द परफेक्ट राइफल शूटिंग अकादमी के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर शहर का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता में अकादमी के सात निशानेबाजों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से पांच खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।

नेशनल्स के लिए चयनित खिलाड़ियों में रुद्र प्रताप सिंह ने 400 में से 368 अंक, उत्कर्ष वर्धन सिंह ने 365 अंक, वात्सल्य त्रिपाठी ने 356 अंक, रोहन कुमार ने 355 अंक और कनिष्क श्रीवास्तव ने 354 अंक हासिल कर अपनी जगह पक्की की।

एक ही अकादमी के 21 निशानेबाज नेशनल्स में दिखाएंगे दम

अकादमी के कोच अविरल निगम ने बताया कि इन पांच खिलाड़ियों के अलावा अकादमी के 16 अन्य निशानेबाज भी नेशनल चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगे। इनमें अविरल निगम, केशव सोनी, अंकित यादव, नंदिनी निगम, तनिष्क श्रीवास्तव, लावण्या अरोड़ा, विनायक पाठक, तेजस भदौरिया, आर्यन यादव, ऋत्विक कटियार, आंजनेश प्रताप सिंह, अंशिका यादव, उत्कर्ष कटियार, अमर निगम, शाहपुर रहमान, आयुष नागर और मोहम्मद इमरान खान शामिल हैं।

कोच अमर निगम ने इस उपलब्धि को कानपुर के शूटिंग खेल इतिहास की एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि शहर में पहली बार किसी एक शूटिंग अकादमी के 21 निशानेबाजों का नेशनल चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है। यह अकादमी के खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत, अनुशासन और कोचिंग टीम के समर्पण का परिणाम है।

भोपाल में होगी नेशनल चैंपियनशिप

नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन 26 नवंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक भोपाल स्थित एमपी शूटिंग रेंज में किया जाएगा। यहां देशभर के प्रतिभाशाली निशानेबाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। अकादमी के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लक्ष्य के साथ प्रतियोगिता में उतरेंगे।

ओलंपिक स्तर पर भारत का परचम लहराने का लक्ष्य

अकादमी के डायरेक्टर शाहनूर रहमान, उप निदेशक मिनी सिंह और ट्रेजरर शुभा निगम ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी चयनित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि अकादमी के ये प्रतिभाशाली निशानेबाज आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे और ओलंपिक स्तर पर भारत का परचम लहराएंगे।

Leave a Comment